28 जून से शुरू हो रहे पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए मशरक में निकली जागरूकता प्रभात फेरी
श्रीनारद मीडिया, विक्की बाबा, मशरक, सारण (बिहार):

आगामी 28 जून से शुरू होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को मशरक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से व्यापक जनजागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मियों और आशा कार्यकर्ताओं ने लोगों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद जिंदगी की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रह जाए।
प्रभात फेरी का नेतृत्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनंत नारायण कश्यप ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और निर्धारित तिथि पर अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर दवा अवश्य पिलाएं।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें 25 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। प्रभात फेरी में शामिल स्वास्थ्य कर्मियों ने “दो बूंद जिंदगी की”, “हर बच्चा, हर बार पोलियो की खुराक” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। फेरी अस्पताल परिसर से निकलकर आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए लोगों को अभियान के महत्व की जानकारी देती रही। इस अवसर पर स्वास्थ्य प्रबंधक अमित कुमार, बीसीएम लव कुश कुमार, वार्ड पार्षद राजेश तिवारी, बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता, एएनएम तथा महिला स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहीं। सभी ने एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का संकल्प लिया।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि 28 जून से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान के दौरान पांच वर्ष तक की आयु का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। अभियान की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर है और सभी अभिभावकों के सहयोग से ही बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सकता है।
यह भी पढ़ें
दाऊदपुर में हाइवा के चपेट में आने से होटल संचालक की मौत
भीखपुर में मुहर्रम के अवसर पर निकला दो बड़े ताजियों का भव्य जुलूस
