भाजपा नेता के निधन से भाजपाइयों में शोक की लहर,क्षेत्रवासियों में मायूसी
श्रीनारद, मीडिया, सीवान (बिहार)

जनसंघ काल से जुड़े भाजपा के वयोवृद्ध नेता व सीवान जिला के बड़हरिया प्रखंड के लौवान के निवासी अली इमाम खान का बुधवार की सुबह पांच बजे 82 वर्ष की उम्र में पटना के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष अली इमाम खान के निधन की खबर सुनते ही भाजपाइयों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गयी।
बड़हरिया प्रखंड के कुवहीं स्थित उनके आवास पर उनके अंतिम दर्शन को लेकर भाजपाइयों और क्षेत्रवासियों का तांता लगा रहा। भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी,वरिष्ठ बीजेपी नेता डॉ अनिल गिरि, अतिपिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुनील चंद्रवंशी, बड़हरिया सदर मंडल अध्यक्ष मनोज कुशवाहा, पश्चिमी मंडल के अध्यक्ष सह मुखिया संजय प्रसाद,जीतेंद्र पटेल सहित अन्य भाजपा ने उनके घर पहुंचकर पर शोक संतप्त परिजनों का ढ़ाढ़स बंधाया और खान साहब के निधन पर भाजपाइयों ने गहरी शोक संवेदना प्रकट की ।
साथ ही, प्रो महमूद हसन अंसारी, सरपंच हाजी नूर आलम, डॉ फैसल महमूद सहित अन्य नेताओं और समाजसेवियों ने भी उनके अंतिम दर्शन किये और उनकी मेगफिरत के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने इनके निधन पर गहरी शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा है कि ये हमलोगों के अभिभावक थे। जो संघ काल से जुड़े थे। भाजपा के एक मजबूत स्तंभ थे। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ अनिल गिरि ने कहा कि वे भाजपा के पूर्व सांसद पं जनार्दन तिवारी के निकटतम सहयोगी थे,जो तमाम दबावों के बावजूद भाजपा का दामन नहीं छोड़ा और आजीवन भाजपा में रहे।कभी अपनी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
उन्होंने बताया कि उनकी पंचायती में बेबाकी और निर्भीकता चर्चा में रही। भाजपा नेताओं ने कहा कि उनके निधन से अपूरणीय क्षति हुई है,जिसकी भारपाई असंभव है। वे प्रखंड की कुड़वां पंचायत के मुखिया भी रहे। उन्हें बुधवार की शाम को लौवान के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। उनके जनाजे नमाज में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।
