पूरी जिम्मेदारी से निभाऊंगा नया दायित्व- प्रल्हाद जोशी
छात्रों की भावनाओं का किया सम्मान- राजनाथ सिंह
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

केंद्र सरकार ने प्रल्हाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। शिक्षा मंत्रालय की कमान मिलने पर प्रल्हाद जोशी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्वास को पूरा करते हुए इस जिम्मेदारी को पूरी विनम्रता और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।
शनिवार को पद संभालने के बाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मुझ पर विश्वास जताया है और मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पूर्ण विनम्रता और दृढ़ जिम्मेदारी बोध के साथ मैं इस दायित्व को निभाऊंगा। प्रधानमंत्री का इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए आभार।
आगे कहा कि उन्होंने मुझ पर इतना बड़ा विश्वास जताया है। उनके मार्गदर्शन और नेतृत्व में मैं पूरी निष्ठा से काम करूंगा और उनके अपेक्षाओं को पूरा करने का पूरा प्रयास करूंगा। पूर्ण समर्पण, विनम्रता और ईमानदारी के साथ इस जिम्मेदारी को निभाऊंगा।
धर्मेंद्र प्रधान की तारीफ करते हुए कही यह बात
प्रल्हाद जोशी ने पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की गई हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 4-5 वर्षों में धर्मेंद्र प्रधान जी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को लागू किया और कई महत्वपूर्ण पहल कीं। नई शिक्षा व्यवस्था में देश ने काफी प्रगति की है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में मैं पूरी क्षमता से काम करूंगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री की सलाह पर धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था। प्रधान ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों के आंदोलन के बीच इस्तीफा दिया था। उन्होंने कहा था कि छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए और आंदोलन का दुरुपयोग होने से रोकने के लिए यह फैसला लिया गया।
छात्रों की भावनाओं का किया सम्मान- राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों और युवाओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए अपने पद से इस्तीफा दिया है।
राजनाथ सिंह ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा- “युवाओं और छात्रों की भावनाओं का सम्मान करना और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और हमारी सरकार के लिए सर्वोच्च महत्व रखता है।”
उन्होंने छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लेने का आश्वासन दिया, जिसमें नीट और शिक्षा प्रणाली में सुधार की जरूरत शामिल है।
राजनाथ सिंह ने कहा, “छात्रों की समस्याओं का समाधान करना और यह सुनिश्चित करना कि उनकी आवाजें सुनी जाएं, हमारी प्राथमिकताएं हैं।”
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवा अब अपनी पढ़ाई, अपने सपनों और आकांक्षाओं पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे और एक मजबूत, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधान का केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्यकाल भारत को एक विकसित राष्ट्र में बदलने के दृष्टिकोण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
प्रेट्र के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा नैतिकता और सार्वजनिक जीवन में निस्वार्थ सेवा के उच्चतम मानकों का प्रतीक है। पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री के रूप में प्रधान ने देश के शिक्षा परिदृश्य में सुधार लाने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को सफलतापूर्वक लागू करने में केंद्रीय भूमिका निभाई।
संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजीजू ने प्रधान के सफर को समाज सेवा और छात्र कल्याण के प्रति जीवनभर की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि एक मजबूत राष्ट्र की परिभाषा उसके शिक्षा प्रणाली से होती है और प्रधान ने हमेशा इस विचार को अपने सार्वजनिक जीवन में सर्वोच्च महत्व दिया है।
