मुशहरी में लूट-गोलीकांड का 5 घंटे में खुलासा:2 अपराधी गिरफ्तार, लूट के मोबाइल और बाइक बरामद
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी थाना और मुरौल ओपी क्षेत्र में सोमवार रात हुई लूट, छिनतई और गोलीबारी की तीन घटनाओं का पुलिस ने महज पांच घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से घटना में प्रयुक्त बाइक, लूटे गए मोबाइल फोन, महत्वपूर्ण कागजात और एक खोखा बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, 8 जून की रात करीब 10:15 बजे मुरौल ओपी क्षेत्र के मुशहरी-पुसा मार्ग स्थित धर्मागतपुर गंगटी के समीप बाइक सवार तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर एक व्यक्ति से मोबाइल फोन, पर्स, 500 रुपए नकद और अन्य जरूरी कागजात लूट लिए।
पहली वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी करीब चार किलोमीटर आगे दरधा गांधी चौक पहुंचे, जहां उन्होंने एक युवक से मोबाइल छीन लिया। इसके बाद बदमाश मुशहरी थाना क्षेत्र के दरधा बाजार पहुंचे और एक अन्य व्यक्ति से लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर अपराधियों ने युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।लगातार तीन घटनाओं की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी-2, मुशहरी थाना प्रभारी और मुरौल ओपी प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के पर्यवेक्षण तथा एसडीपीओ पूर्वी-2 के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में जिला आसूचना इकाई, मुशहरी थाना और मुरौल ओपी पुलिस को शामिल किया गया।
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुशहरी थाना क्षेत्र के ओम कुमार और रौशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर एक मोटरसाइकिल, एक खोखा, लूटे गए मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए,पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ओम कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और चोरी सहित कई मामले दर्ज हैं। अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़े
ममता को सबसे बड़ा झटका… बागियों की लिस्ट में ‘काबा-मदीना सॉन्ग’ वाली सयानी घोष भी
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य जाँच शिविर
साइबर थाना, सिवान की बड़ी सफलताः मई माह में 2.30 लाख से अधिक राशि पीड़ितों को कराई गई रिफंड
मुफ्फसिल थानान्तर्गत विशेष छापामारी के क्रम में 62.15 ग्राम स्मैक के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार
