नगर भवन सुवासित हुआ बिहार की सांस्कृतिक खुशबू की सुगंध से
बिहार दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिले की प्रतिभाओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों से मोहा मन
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

सीवान नगर भवन की संध्या में उस समय बिहार की सांस्कृतिक खुशबू से सुवासित हो उठा, जब स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों ने बिहार दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित संस्कृतिक संध्या में छठ पूजा, झिझिया, कत्थक, डोमकच लोकनाट्य, शहनाई वादन, बिहार के विकासात्मक आयाम पर एक से बढ़कर एक शानदार प्रस्तुतियां दीं।
दर्शक मंत्रमुग्ध तो पदाधिकारी और अन्य गणमान्यजन आनंदित हो गए। बच्चों के उत्साहवर्धन के समय मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी सिवान श्री विवेक रंजन मैत्रेय भी बेहद खुश दिखाई दिए। पुरस्कार वितरण के दौरान तकरीबन सभी प्रतिभागी बच्चों के साथ प्रफुल्लित होकर तस्वीरें खिंचवाई। बिहारी संस्कृति के विविध आयामों पर बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी सिवान श्री विवेक रंजन मैत्रेय ने सभी प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। मंच संचालन उदय सिंह और और वीनस दीक्षित ने बेहद ऊर्जस्वित अंदाज में किया।
सीवान के नगर भवन में कला संस्कृति विभाग, बिहार सरकार और जिला प्रशासन, सीवान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बिहार दिवस समारोह के दौरान सीवान उत्सवमई बन गया।
सीवान नगर भवन में बिहार दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत जिला पदाधिकारी सीवान और अन्य वरीय पदाधिकारीगण के द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुई। मौके पर उपस्थित जिला पदाधिकारी श्री विवेक रंजन मैत्रेय, पुलिस अधीक्षक श्री पूरन कुमार झा सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण का स्वागत कला और संस्कृति पदाधिकारी शालू कुमारी ने किया। विद्यालय की बालिकाओं ने मनोहारी स्वागत गीत प्रस्तुत किया। गणेश वंदना एवं शिव स्तुति पर कथक नृत्य की प्रस्तुति संस्था नृत्योदय द परफॉर्मिंग आर्ट्स (नटपा) की प्रशिक्षु नृत्यांगनाएं श्रेया द्विवेदी, अंजली कुमारी, दीक्षा रानी एवं अभ्यांशी ने किया।
इस प्रस्तुति को तालियों की खूब दाद मिली। दोनों नृत्यों का नृत्य निर्देशन श्रीमती ललिता देवी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज दरौली की संगीत शिक्षिका श्वेता कुमारी ने किया था। नृत्य शिक्षिका बाबली डे के नेतृत्व में बिहार के लोकनृत्य के सामूहिक स्वरूप की शानदार प्रस्तुति पर उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। तुषार ने गिटार पर छठ गीत की प्रस्तुति दी। विविध स्कूलों के छात्र छात्राओं ने अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों में बिहार के सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रस्तुत किया।

सांस्कृतिक संध्या में उमंग, उल्लास और उत्साह की त्रिवेणी बहती दिखाई दी। बिहार के प्रसिद्ध लोकनाट्य डोमकच की मनमोहक प्रस्तुति देकर इप्टा के स्थानीय कलाकारों ने भावाभिभूत कर दिया। गौरव कुमार के हां हम बिहारी हैं जी गाने पर खूब तालियां बजी। स्थानीय कलाकारों राजन कुमार और मोहम्मद इमरान द्वारा शहनाई वादन ने सांस्कृतिक कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन के लिए कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सीवान को प्रथम स्थान, स्मार्ट स्टेप स्कूल को द्वितीय स्थान, को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, दारौंदा को तीसरा स्थान, डी ए वी पब्लिक स्कूल को चौथा स्थान मिला। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने बिहार के विकासात्मक आयाम, सांस्कृतिक खुशबू, उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।
सभी प्रतिभागियों को जिला प्रशासन द्वारा मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी का उत्साहवर्धन भी किया। मौके पर सिविल सर्जन श्रीनिवास प्रसाद, डीपीआरओ कन्हैया कुमार, जिला खेल पदाधिकारी उपेन्द्र कुमार, उपसमाहर्ता जूली कुमारी, सामाजिक कार्यकर्ता गणेश दत्त पाठक आदि उपस्थित रहे।
