बिहार में शराब माफियाओं पर सख्त एक्शन का आदेश
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

बिहार में शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर माननीय मंत्री मदन साहनी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें अवैध शराब के निर्माण, भंडारण व तस्करी पर संयुक्त कार्रवाई, अंतर-विभागीय समन्वय को सुदृढ़ करने तथा जब्त शराब के त्वरित और 100% विनष्टीकरण पर विशेष बल दिया गया।
बिहार सरकार के माननीय मंत्री, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, श्री मदन साहनी की अध्यक्षता में आज शराबबंदी कानून के प्रभावी एवं सुदृढ़ क्रियान्वयन के संबंध में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग के सचिव अजय यादव, आयुक्त उत्पाद अंशुल अग्रवाल, I.G सशस्त्र सीमा बल (SSB) निशित कुमार उज्वल, I.G रेल पंकज कुमार राज, D.I.G मद्य निषेध अजय कुमार पाण्डेय, निदेशक, पटना एयरपोर्ट, सीपी द्विवेदी, दानापुर, सोनपुर, समस्तीपुर, कटिहार एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय RPF के वरिष्ठ पदाधिकारी, तथा विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान राज्य में शराबबंदी कानून के अनुपालन की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं तस्करी पर प्रभावी रोकथाम हेतु संयुक्त कार्रवाई, विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय तंत्र को और अधिक सशक्त बनाने, जन-जागरूकता अभियानों में सामाजिक सहभागिता बढ़ाने तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
समीक्षा के दौरान माननीय मंत्री ने सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अवैध शराब के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध शराब की जब्ती के उपरांत उसके विनष्टीकरण की प्रक्रिया में और तेजी लाई जाए तथा राज्य के सभी जिलों में जब्त अवैध शराब के 100 प्रतिशत विनष्टीकरण का लक्ष्य निर्धारित कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
माननीय मंत्री ने निर्देश दिया कि सभी मालखानों का नियमित सत्यापन एवं निरीक्षण किया जाए ताकि जब्त सामग्री के रख-रखाव एवं विनष्टीकरण की प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त बड़े तस्करों एवं बड़े संचालकों के विरुद्ध भी विधिसम्मत कठोर कार्रवाई करने तथा आवश्यकतानुसार प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया। सीमावर्ती क्षेत्रों एवं चेक पोस्टों पर निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल देते हुए माननीय मंत्री ने निर्देशित किया कि राज्य में प्रवेश करने वाले बड़े वाहनों की गहन जांच की जाए तथा अवैध शराब की खेप को राज्य की सीमा में प्रवेश करने से पूर्व ही जब्त करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं।
रेल मार्ग के माध्यम से होने वाली अवैध शराब तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए माननीय मंत्री ने रेलवे प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियों को समन्वित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार आने वाली प्रमुख ट्रेनों, विशेषकर राजधानी एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस एवं अन्य महत्वपूर्ण रेलगाड़ियों में विशेष जांच दलों के माध्यम से नियमित जांच अभियान चलाया जाए, ताकि रेल मार्ग से होने वाली अवैध शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
मंत्री ने पटना एयरपोर्ट के निदेशक को निर्देश दिया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को ध्यान में रखते हुए हवाई यात्रियों के बीच व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने एयरपोर्ट परिसर में शराबबंदी संबंधी सूचना पट्ट, डिजिटल डिस्प्ले तथा उद्घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों को बिहार में लागू मद्यनिषेध कानून एवं उसके प्रावधानों की जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शराबबंदी कानून के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी संबंधित विभाग एवं एजेंसियां समन्वित रूप से कार्य करेंगी तथा सूचना-साझाकरण तंत्र को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। माननीय मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार नशामुक्त समाज के निर्माण के अपने संकल्प के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा शराबबंदी कानून के उल्लंघन के विरूद्ध कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
