श्रद्धा व सम्मान के साथ सेवानिवृत्त शिक्षिका की हुई विदाई
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार )।
सीवान जिला के दारौंदा प्रखंड अंतर्गत बालडीह प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में बुधवार को प्रभारी प्रधानाध्यापिका श्रीमती रामशिला देवी के सेवा निवृत्ति के सम्मान में भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। उनके लंबे शैक्षणिक योगदान, अनुशासन और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण को याद करते हुए समारोह में उपस्थित लोगों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान शिक्षिका रश्मि कुमारी ने की, जबकि संचालन शिक्षक हरिचरण यादव ने किया। समारोह का माहौल भावुक होने के साथ-साथ सम्मान और गर्व से भरा रहा।
समारोह में मुख्य रूप से दारौंदा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सौरभ सुमन उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रामशिला देवी ने शिक्षा के क्षेत्र में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ कार्य किया। उनका सेवाकाल आने वाली पीढ़ी के शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।उन्होंने कहा कि एक शिक्षक केवल बच्चों को पढ़ाने का कार्य नहीं करता, बल्कि समाज निर्माण में भी अहम भूमिका निभाता है। रामशिला देवी ने वर्षों तक विद्यालय एवं बच्चों के विकास के लिए जो योगदान दिया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं स्वागत गीत भी प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरा माहौल भावुक हो उठा। अंत में श्रीमती रामशिला देवी ने सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग एवं विद्यालय परिवार से मिला सहयोग जीवनभर याद रहेगा। समारोह का समापन शुभकामनाओं एवं सम्मान के साथ किया गया।
इस अवसर शिक्षक रवींद्र कुमार, कुमारी सोनी सिंह, प्रदीप पाण्डेय, बिपुल कुमार, करुणाकांत तिवारी, मिथिलेश कुमार सोनी,धीरेंद्र कुमार सिंह, आशुतोष सिंह, लेखापाल संजय गुप्ता सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं उपहार देकर उन्हें सम्मानित किया।वही गांव के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। उनके सरल स्वभाव, विद्यार्थियों के प्रति स्नेह एवं विद्यालय के प्रति समर्पण की सराहना की तथा उनके सुखद स्वस्थ एवं लम्बी दीर्घायु की कामना की।