Headlines

दारौंदा पंचायत समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, जनप्रतिनिधियों ने उठाए जनहित के कई अहम मुद्दे

दारौंदा पंचायत समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, जनप्रतिनिधियों ने उठाए जनहित के कई अहम मुद्दे

श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार)।

सीवान जिले के दारौंदा प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में शुक्रवार को प्रखंड प्रमुख गुड़िया सिंह की अध्यक्षता में पंचायत समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा विभिन्न पंचायतों से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीण विकास, सड़क, नाली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने पर जोर दिया गया।
प्रखंड प्रमुख गुड़िया सिंह ने कहा कि पंचायत समिति की बैठक का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र के समग्र विकास को गति देना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ आम लोगों तक पहुंचाया जाए तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।
बैठक में उप प्रमुख हरेश यादव, प्रखंड विकास पदाधिकारी शिम्पी कुमारी, अंचलाधिकारी वेदप्रकाश नारायण सहित प्रखंड स्तरीय सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा सभी पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं विकास संबंधी सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
बैठक के अंत में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सभी जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी, ताकि प्रखंड क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।

Leave a Reply

error: Content is protected !!