भोरे में स्मैक के धंधे का खुलासा, सात गिरफ्तार
श्रीनारद मीडिया, गोपालगंज (बिहार):

गोपालगंज जिला के भोरे थाने की पुलिस ने स्मैक के अवैध धंधे का पर्दाफाश करते हुए शनिवार की शाम को 150 ग्राम स्मैक, एक बाइक और छह मोबाइल फोन के साथ सात तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पांच अन्य लोगों सहित कुल 12 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार को शनिवार को सूचना मिली थी कि लखराव मार्ग से स्मैक तस्कर गुजरने वाले हैं।
इसके बाद लखराव पुलिया के पास वाहन जांच शुरू की गई। इसी दौरान एक बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पकड़ने पर उसके पास से 1.6 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल बरामद हुआ। उसकी पहचान सीवान जिले के नवतन थाना क्षेत्र के पचलखी बाजार निवासी गोलू कुमार के रूप में हुई। पूछताछ में गोलू कुमार ने भोरे के अभिमन्यु साह से स्मैक खरीदने की बात बताई।
इसके आधार पर पुलिस ने इमलिया मंदिर के पास से अभिमन्यु साह को आठ ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। इसके अलावा पांडेय खजुराहो निवासी राजू कुमार और डूमर नरेंद्र निवासी अमित राम को भी स्मैक और मोबाइल के साथ पकड़ा गया। आगे की पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क का खुलासा हुआ।
पुलिस ने हरिहरपुर कब्रिस्तान के पास से राहुल कुमार और कृष्ण कुमार को गिरफ्तार किया। बाद में गुठनी थाना क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी अविनाश सिंह को वन विभाग के पास से 125 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल और तस्करी में प्रयुक्त सामान के साथ दबोचा गया। अविनाश ने अपने साथी रवि कुमार के साथ मिलकर धंधा चलाने की बात कबूली।
यह भी पढ़े
जज का ड्राइवर ही निकला पत्नी का कातिल, हाजीपुर में हुई हत्या का सनसनीखेज खुलासा
भारत के खिलाफ मैच का पाकिस्तान करेगा बॉयकॉट
बगौरा में लगा विशाल निःशुल्क मेगा हेल्थ जाँच शिविर
संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई

