रामजानकी पथ पर घोड़परास से बाइक टकराने से दो युवक गंभीर रूप से घायल
श्रीनारद मीडिया, विक्की बाबा, मशरक, सारण (बिहार):

सारण जिला के मशरक थाना क्षेत्र के बंगरा स्थित एनएच-227 ए राम जानकी पथ पर रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क पार कर रही घोड़परास से हुई इस टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह के समय सड़क पर यातायात सामान्य था और दोनों युवक अपनी बाइक से किसी कार्य से लौट रहे थे।
इसी दौरान अचानक एक घोड़परास तेजी से सड़क पार करने लगी। अचानक सामने आए इस बड़े जानवर को देखकर बाइक सवार संभल नहीं सके और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी और दोनों युवक दूर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल युवकों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंची और बिना देर किए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरक पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोट की गंभीरता को देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान मशरक के यदु मोड़ निवासी महेश सिंह के 18 वर्षीय पुत्र हर्ष कुमार तथा घोघिया गांव निवासी सुरेंद्र पांडेय के 18 वर्षीय पुत्र अनुराग कुमार के रूप में हुई है। दोनों की उम्र महज 18 वर्ष बताई जा रही है, जिससे परिजनों में चिंता का माहौल है। परिजनों ने बताया कि दोनों युवक किसी आवश्यक कार्य से डुमरसन गए हुए थे और वापस अपने घर लौट रहे थे। बंगरा के पास पहुंचते ही अचानक सड़क पार कर रही घोड़परास से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और युवकों के इलाज को लेकर चिंतित दिखे। इस घटना ने एक बार फिर एनएच-227ए जैसे व्यस्त मार्गों पर वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही और उससे उत्पन्न खतरे को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर घोड़परास और अन्य जानवर सड़क पार करते देखे जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में चेतावनी संकेतक, स्पीड कंट्रोल उपाय और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।फिलहाल दोनों घायलों का इलाज सदर अस्पताल छपरा में चल रहा है और उनकी स्थिति को लेकर परिजन एवं स्थानीय लोग लगातार जानकारी ले रहे हैं।
यह भी पढ़े
संस्कृत के प्रकांड विद्वान व महान ज्योतिषाचार्य पंडित राम यतन ओझा अपने ही घर में हो गए हैं गुमनाम
भाजपा बंगाल में सत्ता में आई तो माफियाओं की संपत्ति पर बुलडोजर चलेगा
लेंसकार्ट ने ड्रेस कोड विवाद पर नई स्टाइल गाइड जारी कर माफी मांगी है
घर बैठे पंद्रह दिन के अंदर कैसे मिल सकता है PNG कनेक्शन?
प्राण प्रतिष्ठा पर निकली शिव शोभा यात्रा,शिव मय हो उठा समूचा क्षेत्र
Raghunathpur: पूर्व पत्रकार एवं व्यवसायी मोद नारायण सिंह के निधन से शोक
