मौसम विभाग का अलर्ट बिहार-झारखंड में हो सकती है बारिश
बिहार के 21 जिलों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, दरभंगा, भागलपुर, मुंगेर, समस्तीपुर आदि में येलो अलर्ट है 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
बिहार में इस वक्त गर्मी की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ी है. लेकिन जल्द ही मौसम करवट लेने वाला है. मौसम विभाग की ओर से राज्य के 21 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में तेज बारिश, ठनका गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है. साथ ही लोगों से सावधान रहने की भी अपील की गई है.
इन 21 जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, दरभंगा, सहरसा, समस्तीपुर, खगड़िया, बेगूसराय, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा बांका, नवादा और जमुई जिले में तेज बारिश हो सकती है. इस दौरान ठनका गिरने की संभावना को लेकर किसानों से खासकर खुले जगहों पर नहीं रहने की अपील की गई है.
मौसम विभाग ने जताई थी ये संभावना
मौसम विभाग की तरफ से नए विक्षोभ के एक्टिव होने की संभावना भी जताई गई थी. नया विक्षोभ एक्टिव होने के बाद मौसम करवट ले सकता है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है. विभाग की ओर से बताया गया कि पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से पहाड़ी इलाकों में तेज हवा और बारिश हो सकती है. साथ ही बंगाल की खाड़ी और मन्नार की खाड़ी के आस-पास बन रहे नए सिस्टम की वजह से मौसम बदल सकता है. इसका असर बिहार में भी पड़ सकता है.
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा तापमान?
मौसम विभाग की माने तो, रविवार को राज्य का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस कैमूर में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.5 से 23 डिग्री के बीच रहा. मौसम के इस बदलाव से कुछ इलाकों में दिन के तापमान में हल्की गिरावट भी देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग की ओर से यह भी संभावना दताई गई है कि राज्य में मौसम का बदला हुआ मिजाज 11 मार्च की रात तक बना रह सकता है. 12 मार्च के बाद मौसम के फिर सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है.
मौसम विभाग के अनुसार, 10 से 12 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की आशंका है. 10 और 11 मार्च को जम्मू-कश्मीर में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है. विभाग के अनुसार, 10 से 13 मार्च के दौरान पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों और सिक्किम में, 11 मार्च तक बिहार और झारखंड में जबकि 10 से 15 मार्च तक अरुणाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.

इन राज्यों में भी बारिश के आसार
10 से 14 मार्च के बीच असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. 10 मार्च को केरल में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है.
झारखंड का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विज्ञान केंद्र रांची से मिली जानकारी के अनुसार 10 व 11 मार्च को भी झारखंड कई जिलों में बारिश हो सकती है. 10 मार्च को रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज व पाकुड़ जिला में गरज के साथ बारिश हो सकती है. वहीं 11 मार्च को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा व साहिबगंज में बारिश की संभावना है. रांची में 10 मार्च को आंशिक बादल छाये रहेंगे.
बिहार के कई जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. राज्य के उत्तर और पूर्वी हिस्सों में मौसम बदल सकता है. इससे कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. विभाग का अनुमान है कि बिहार में यह बदला हुआ मौसम 11 मार्च की रात तक जारी रह सकता है. इस दौरान कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश और तेज हवा का सिलसिला देखने को मिल सकता है. इसके बाद 12 मार्च से मौसम के फिर सामान्य होने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली के लोगों को गर्मी सताने लगी है. इसी बीच मौसम विभाग ने आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना व्यक्त की है. मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बुधवार को भी आकाश में बादल छाए रहेंगे. इस दिन अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा?
राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में गर्मी लगातार बढ़ती ही जा रही है. राज्य के कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है. विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा जबकि तापमान में कुछ और वृद्धि हो सकती है. 11-12 मार्च से अधिकतम तापमान में दो-तीन डिग्री गिरावट देखने को मिल सकती है.
