BJP का सोनार बांग्ला संकल्प पत्र क्या है?

BJP का सोनार बांग्ला संकल्प पत्र क्या है?

०१
WhatsApp Image 2023-11-05 at 19.07.46
PETS Holi 2024
previous arrow
next arrow
०१
WhatsApp Image 2023-11-05 at 19.07.46
PETS Holi 2024
previous arrow
next arrow

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने इसे सोनार बांग्ला संकल्प पत्र कहा है। सरकारी नौकरी में महिलाओं को 33% आरक्षण, मछुआरों को हर साल 6 हजार रुपए, केजी से पीजी तक लड़कियों की पढ़ाई फ्री करने और उत्तर बंगाल, जंगलमहल और सुंदरबन में 3 नए एम्स खोलने की बात कही गई है। हर परिवार में कम से कम एक सदस्य को रोजगार का वादा भी किया गया है। घोषणा पत्र में नोबल प्राइज की तर्ज पर टैगोर प्राइज देने का ऐलान भी किया गया है।

कोलकाता के ईस्टर्न जोनल कल्चरल सेंटर (EZCC) में घोषणा पत्र जारी करते हुए शाह ने कहा, ‘देश भर में बेरोकटोक हर धर्म का त्योहार मनाया जाए। सरस्वती और दुर्गा पूजा के लिए कोर्ट की जरूरत नहीं पड़ेगी। 70 साल से जो शरणार्थी यहां बसे हैं, पहली ही कैबिनेट मीटिंग में सिटीजनशिप अमेंडमेंट एक्ट (CAA) लागू करके उन्हें नागरिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री शरणार्थी योजना के तहत हर शरणार्थी परिवार को 5 साल तक DBT से 10,000 रुपये सालाना दिए जाएंगे।

PM किसान सम्मान निधि योजना के तहत बंगाल के 75 लाख किसानों को 3 साल से 18 हजार रुपए नहीं मिले हैं, वे एक साथ सीधे खाते में भेजे जाएंगे। इसके बाद हर साल केंद्र सरकार के 6 हजार के अलावा प्रदेश सरकार की ओर से 4 हजार यानी कुल 10 हजार रुपए दिए जाएंगे

भाजपा के घोषणा पत्र के प्रमुख बिंदु…
महिलाओं, सरकारी कर्मचारी और आम लोगों के लिए

  • केजी से पीजी तक महिलाओं की पढ़ाई फ्री होगी। पब्लिक ट्रांसपोर्ट में उनका सफर भी फ्री रहेगा।
  • सभी सरकारी कर्मचारियों को 7वें वेतनमान का फायदा दिया जाएगा।
  • विधवा पेंशन 3 हजार रुपए प्रति महीना की जाएगी।
  • ओबीसी आरक्षण की सूची में महिष्य, तिल्ली और जो समुदाय रह गए हैं, उन्हें शामिल किया जाएगा।
  • 10 हजार करोड़ की लागत से जल फंड बनाया जाएगा। इससे सातों दिन साफ पानी की सप्लाई होगी।
  • बस सेवाओं के लिए 10 हजार करोड़ का प्रावधान होगा। टर्मिनल के निर्माण के लिए 4600 करोड़ का प्रावधान होगा।

युवाओं और एजुकेशन के लिए

  • दलित और पिछड़े वर्ग की छात्राओं को 6वीं में आने पर 3 हजार, 9वीं में दाखिले पर 5 हजार, 11वीं में 7 हजार और 12 वीं में 10 हजार रुपए की मदद दी जाएगी।
  • स्कूलों में 10वीं तक की पढ़ाई बांग्ला भाषा में करना अनिवार्य किया जाएगा। तकनीकी, कानून और मेडिकल की पढ़ाई भी बांग्ला में हो, इसकी शुरुआत करेंगे।
  • शिक्षित युवाओं के रोजगार के लिए हर ब्लॉक में नेताजी सुभाष चंद बोस बीपीओ की शुरुआत की जाएगी।
  • स्कूलों के बुनियादी ढ़ांचे के विकास के लिए 20 हजार करोड़ का ईश्वरचंद्र विद्यासागर फंड बनाया जाएगा।
  • आईआईटी की तर्ज पर 5 संस्थान बनाए जाएंगे।
  • राज्य सरकार की सभी नौकरियों के लिए कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट होगा।
  • 2 हजार करोड़ का खेल कोष बनेगा, खेल यूनिवर्सिटी की स्थापना की जाएगी, हर साल खेलो बांग्ला महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा।

किसानों के लिए

  • कृषक सुरक्षा योजना के तहत भूमिहीन किसानों को हर साल 4,000 रुपये की मदद दी जाएगी।
  • 5 हजार करोड़ का इंटरवेंशन फंड होगा, जो दाम गिरने पर सरकार किसानों की उपज खरीदेगी।
  • सरकार लघु और सीमांत किसानों के बच्चों को ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई फ्री कराएगी।
  • 20 हजार करोड़ रुपए का कृषक सुरक्षा फंड बनाया जाएगा, इससे कृषि क्षेत्र से जुड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर बनाया जाएगा।
  • भूमिहीन किसानों और मछुआरों को 3 लाख रुपए का बीमा दिया जाएगा। किसान कार्ड की जगह उन्हें रुपे कार्ड देंगे।
  • बांग्ला श्वेत क्रांति की शुरुआत 1 हजार करोड़ रुपए से की जाएगी। अमूल के साथ मिलकर यहां मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट लगाई जाएंगी, ऐसी 5 मेगा यूनिट बनाई जाएंगी।

कमजोर वर्ग के लोगों के लिए

  • प्रदेश में अन्नपूर्णा कैंटीन में 5 रुपए की दर से दिन में 3 बार भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
  • PDS लाभार्थियों को चावल या गेहूं 1 रुपए किलो, दाल 30 रुपए किलो, नमक 3 रुपए किलो और चीनी 5 रुपए किलो उपलब्ध कराएंगे।
  • उत्तर बंगाल, सुंदरवन और जंगलमहल में डेवलपमेंट बोर्ड बनाया जाएगा। चाय बागानों के मजदूरों का वेतन बढ़ाकर 350 रुपए रोज किया जाएगा।
  • आदिवासी बच्चों के लिए झारग्राम में पंडित रघुनाथ मुर्मु जनजातीय विश्वविद्यालय की स्थापना करेंगे।

प्रशासन के लिहाज से

  • बॉर्डर पर फेंसिंग और आउटपोस्ट को मजबूत करेंगे, सीसीटीवी सर्विलांस से थानों को जोड़ेंगे और घुसपैठ होती है तो थानों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
  • सीएमओ के तहत एंटी करप्शन सिस्टम होगा। लोग सीधे मुख्यमंत्री तक शिकायत कर पाएंगे।
  • तूफान राहत की राशि में जिन्होंने करप्शन किया, उन्हें कानून के सामने खड़ा करेंगे।
  • सोनार बांग्ला आयोग की स्थापना की जाएगी।

स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए

  • पहली ही कैबिनेट मीटिंग में तय किया जाएगा कि बंगाल के लोगों को आयुष्यमान भारत का फायदा मिले।
  • मुर्शिदाबाद में रिसर्च सेंटर बनेगा। स्वास्थ्य क्षेत्र में 10 हजार करोड़ का कादंबिनी गांगुली हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर फंड बनाया जाएगा।
  • आशाकर्मियों का वेतन 6 हजार रुपए किया जाएगा। 900 नई 108 एंबुलेंस लाई जाएंगी।
  • 2025 तक नर्सिंग कॉलेज और मेडिकल सीट दोगुना करने का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करेंगे।
  • वन नेशन-वन हेल्थ आईडी कार्ड की शुरुआत की जाएगी।

अपराधियों पर रोक के लिए

  • पानी माफिया, बालू माफिया, कोल माफिया के लिए अलग टास्क फोर्स बनाई जाएगी।
  • सामुदायिक और राजनीतिक हिंसा, अवैध हथियार, नशे का कारोबार, जमीन पर कब्जा करने वालों और तस्करी के खिलाफ एक तंत्र बनाया जाएगा।
  • राजनीतिक हिंसा से पीड़ित हर परिवार को 25 लाख का मुआवजा, एसआईटी मामलों की जांच करेगी।
  • व्हिसल ब्लोअर कानून बनाकर उन्हें प्रोटेक्शन देंगे।
  • अर्द्धसैनिक बलों में नारायणी सेना बटालियन बनाई जाएगी।
  • एंटी करप्शन ब्यूरो पर एक DG पद का निर्माण किया जाएगा।

कारोबार और निवेश के लिए

  • निवेशकों के लिए इन्वेस्ट बांग्ला की स्थापना की जाएगी। इससे वे बिना किसी अड़चन के निवेश कर सकेंगे।
  • 10 लाख रुपए का लोन बिना गारंटी के MSME को दिया जाएगा। उन्हें पहले 5 साल के लिए 2 रुपए यूनिट बिजली देंगे।
  • 4 मेगा फूड पार्क, 10 स्मॉल फूड पार्क, एक चाय पार्क, 2 सी फूड प्रोसेसिंग पार्क बनाया जाएगा। 1500 करोड़ के फंड से जूट उद्योग को आधुनिक किया जाएगा।
  • उद्योगों को 15 दिन में अनुमति मिले इसलिए सिंगल विंडो क्लियरिंग सिस्टम लॉन्च करेंगे। (शाह ने यहां तंज कसते हुए कहा कि सिंगल विंडो से मेरा मतलब भतीजा नहीं है)
  • गांवों के विकास के लिए 5 साल में 2 लाख करोड़ का फंड, शहरों के लिए 30 हजार का फंड। 675 किमी के कोलकाता-सिलिगुड़ी हाईवे की शुरुआत करेंगे।
  • बागडोगरा को इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने में केंद्र की मदद लेंगे। मालदा, कूचबिहार एयरपोर्ट को उड़ान योजना के तहत लाएंगे। पुरुलिया में घरेलू एयरपोर्ट बनाया जाएगा।
  • सोनापुर में महानायक उत्तम कुमार फिल्मसिटी का निर्माण करेंगे।
  • 10 हजार स्टार्टअप के लिए 25 लाख रुपए की सब्सिडी दी जाएगी।

राजधानी कोलकाता के लिए

  • कोलकाता में विश्वस्तरीय सोनार बांग्ला संग्रहालय की स्थापना की जाएगी।
  • हुबली नदी के किनारे घाट बनाकर गंगा आरती कराई जाएगी।
  • कोलकाता की दुर्गा पूजा को बढ़ावा देकर ऐसी व्यवस्था करेंगे कि दुनिया भर के पर्यटक आएं।
  • कोलकाता को 22 हजार करोड़ से विश्वस्तरीय शहर बनाएंगे। 10 मल्टीस्टोरी पार्किंग बनाई जाएंगी।

भाषा, धर्म और संस्कृति के लिए

  • यूनाइडेट नेशंस में बांग्ला को अधिकारिक भाषा बनाने के लिए प्रयास करेंगे।
  • सरकारी दस्तावेजों, पत्राचार में बांग्ला का अनिवार्य इस्तेमाल करने के लिए अध्यादेश लाया जाएगा।
  • गंगा सागर मेले के लिए 2500 करोड़ रुपए का प्रावधान होगा।
  • कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन करेंगे। 1 हजार करोड़ से नई पर्यटन नीति बनाएंगे। 9 अलग टूरिस्ट सर्किट की स्थापना करेंगे।
  • बंगाल की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सभी राज्यों की राजधानियों और विदेश के कुछ शहरों में गुरुदेव सेंटर ऑफ कल्चरल की स्थापना की जाएगी।
  • पुरोहित कल्याण बोर्ड की स्थापना कर सभी पुरोहितों को 30 हजार रुपए महीना वेतन दिया जाएगा। ​​​​​​​
  • धार्मिकस्थलों के नवीनीकरण के लिए 100 करोड़ का फंड जारी होगा।

‘मैं बनिया हूं, मुझ पर भरोसा रखना’
पार्टी का मेनिफेस्टो जारी करने से पहले अमित शाह ने कहा कि कोई यह नहीं पूछना कि इसके लिए पैसा कहां से आएगा। आने-पाई का हिसाब करके इसे बनाया गया है। मैं बनिया हूं, मुझ पर भरोसा रखना।

शाह ने भाजपा को एक मौका देने की अपील की
शाह ने कहा, ‘आपने अब तक कांग्रेस आजादी के बाद से सन 67 तक का समय, 25 साल से ज्यादा समय कम्युनिस्टों को और 10 साल से ज्यादा समय ममता दीदी को दिया है। ये सभी पार्टियों ने बंगाल को आजादी वाली स्थिति से नीचे लाने का काम किया है। एक बार 5 साल नरेंद्र मोदीजी को दे दीजिए। हम सोनार बांग्ला के निर्माण का वादा करते हैं। फिर से बंगाल की संस्कृति को गौरवान्वित करने का वादा करते हैं। बड़ा स्वप्न लेकर आपके सामने आए हैं आप हमें आशीर्वाद दीजिए। गुंडों का डर मत रखिए, वे कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे।’

सोनार बांग्ला सिर्फ घोषणा नहीं, संकल्प है
‘BJP ने हमेशा घोषणा पत्र को महत्वपूर्ण स्थान दिया है। कई सालों से संकल्प पत्र महज एक प्रक्रिया बनकर रह गया था। भाजपा की सरकारें बनने के बाद संकल्प पत्र पर सरकारें चलने लगी हैं। हमने पूरी प्रक्रिया को गंभीरता प्रदान की है। इसलिए घोषणा पत्र की जगह संकल्प पत्र कहना शुरू किया। हम कैसे सोनार बांग्ला बनाएंगे, यह सिर्फ घोषणा नहीं है, संकल्प है।’

शाह ने कहा- बंगाल ने देश का नेतृत्व किया
‘आज के प्रगतिशील भारत की नींव कल के बंगाल में रखी गई। यहीं वंदे मातरम मिला, यहीं जन गण मन मिला। यहीं से सशस्त्र क्रांति की शुरुआत हुई। स्वामी विवेकानंद जैसे महान व्यक्तियों ने चेतना का रास्ता प्रशस्त किया। जब देश कुरीति में जकड़ा था, तब बंगाल के सपूतों ने समाज सुधार की शुरुआत की। आजादी की लड़ाई का नेतृत्व भी बंगाल ने किया।’

बंगाल के पिछड़ने के लिए लेफ्ट और ममता जिम्मेदार
‘सुभाषचंद्र बोस, खुदीराम बोस जैसे महान नायकों ने आजादी के आंदोलन को आकार दिया। मगर आज 73 साल बाद बंगाल काफी पिछड़ गया है। इसका कारण 30 साल का प्रशासन है। लेफ्ट और ममता जी का शासन इसकी वजह है। महिलाओं के लिए यह सबसे असुरक्षित प्रदेश बन गया है। विवेकानंद की भूमि पर युवा निराश हैं। टीएमसी के कुशासन ने काले अध्याय की शुरुआत की है।’

ममता ने राजनीति का अपराधीकरण किया
बंगाल के परंपरागत उत्सवों को भी वोट की राजनीति की नजर से देखा गया। ममता जी ने पूरे एडमिनिस्ट्रेशन का राजनीतिकरण कर दिया, राजनीति का अपराधीकरण कर दिया। त्योहार मनाने के लिए कोर्ट से गुहार लगानी पड़ती है। राजनीतिक हिंसा चरम तक पहुंच गई है। 130 से ज्यादा पार्टी के कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है। 1967 से यहां ऐसी सरकारें रहीं, जो केंद्र सरकार से लड़ती रहीं। हमारे फेडरल स्ट्रक्चर में अंधविरोध नहीं है। भारत का विकास इसकी संकल्पना है।

भाजपा के घोषणा पत्र पर थीं सबकी निगाहें
बंगाल में जिस तरह BJP और TMC बंगाल चुनाव में अपनी जीत को लेकर जोर लगा रही हैं, उससे सभी की नजर BJP के घोषणा पत्र पर थी। इस बात का पहले ही अंदाजा था कि BJP बंगाल को रोजगार, भ्रष्टाचार से जुड़ी समस्याओं से निकालने के लिए अपनी रणनीति बता सकती है। इससे पहले 17 मार्च को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने TMC का घोषणापत्र जारी किया था। 146 पेज के डॉक्यूमेंट में ममता ने कई वादे किए हैं। इसमें उन्होंने नौकरी, हेल्थ, एजुकेशन, किसानों और गरीबों के लिए योजना लागू करने का ऐलान किया है।

लोगों की राय से बना घोषणापत्र
भाजपा ने घोषणापत्र जारी करने से पहले राज्य में लक्ष्य सोनार बांग्ला अभियान चलाया था। लोगों से राज्य में बदलाव को लेकर राय मांगी थी। इस अभियान की शुरुआत खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की थी। इस दौरान BJP ने हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक LED रथ पहुंचाने के लिए 294 LED रथों की व्यवस्था की थी। इसमें मौजूद एक बॉक्स में लोगों से सुझाव डालने को कहा गया था। इन्हीं को आधार बनाकर BJP ने यह घोषणा पत्र जारी किया है।

बंगाल में 8 फेज में चुनाव
पश्चिम बंगाल में इस बार 8 फेज में वोटिंग होगी। 294 सीटों वाली विधानसभा के लिए वोटिंग 27 मार्च (30 सीट), 1 अप्रैल (30 सीट), 6 अप्रैल (31 सीट), 10 अप्रैल (44 सीट), 17 अप्रैल (45 सीट), 22 अप्रैल (43 सीट), 26 अप्रैल (36 सीट), 29 अप्रैल (35 सीट) को होनी है।

असम के लिए नड्डा जारी करेंगे घोषणा पत्र
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा 23 मार्च को असम विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का मेनिफेस्टो जारी करेंगे। प्रदेश में 126 सीटों पर 3 फेज में वोटिंग होनी है। पहले फेज की वोटिंग 27 मार्च को होगी। चुनाव के नतीजे 2 मई को आएंगे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!