बटोहिया गीत पर मंत्रमुग्ध हुए तो भोजपुरी और विनम्रता से महामहिम ने जीता दिल
राजेंद्र बाबू की पुण्यतिथि पर, उनकी जन्मस्थली पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति महामहिम पृथ्वीराज सिंह रूपन मुख्य अतिथि रहे
✍️ गणेश दत्त पाठक
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

राजेंद्र बाबू की पुण्यतिथि पर बिहारी कनेक्ट ग्लोबल और बिहारी फाउंडेशन द्वारा आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम। मुख्य अतिथि मॉरिशस के पूर्व राष्ट्रपति महामहिम पृथ्वीराज सिंह रूपन जहां राजेंद्र बाबू के प्रिय गीत बटोहिया, जिसे भोजपुरी कवि रघुवीर नारायण ने 1911 में रचा था, को स्थानीय छात्राओं द्वारा सुनकर मंत्रमुग्ध होते दिखे। वहीं एक वयोवृद्ध लोकगायक जंगबहादुर सिंह को, जो मंच पर चढ़ने में असमर्थ थे, को सम्मानित करने स्वयं मंच से उतर पड़े।
उनकी विनम्रता ने उपस्थितजनों का दिल जीत लिया तो अपने भाषण के दौरान उन्होंने भोजपुरी का प्रयोग कर सभी को आश्चर्यचकित भी किया। और जब अपने भाषण में उन्होंने कहा कि मैं तो राजेंद्र बाबू को श्रद्धासुमन अर्पित करने जीरादेई आया हूं लेकिन राजेंद्र बाबू के आदर्शों को हमें अपने जीवन में भी समाहित करना चाहिए। तब एक बड़ा संदेश भी प्रसारित हुआ जो देशरत्न के लिए सबसे बड़ी श्रद्धांजलि भी रही। कार्यक्रम के दौरान महेंद्र उच्च विद्यालय के बच्चों ने आकर्षक बैंड की प्रस्तुति को भी महामहिम ने बड़े ही संजीदगी से देखा।
देश के प्रथम राष्ट्रपति और भारतीय संविधान सभा के अध्यक्ष देशरत्न डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद की पुण्यतिथि पर उनकी जन्मस्थली पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन रविवार को किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति महामहिम पृथ्वीराज सिंह रूपन रहे। यह आयोजन बिहारी कनेक्ट ग्लोबल और बिहार फाउंडेशन, लन्दन चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में संस्था द्वय के चेयरमैन डॉक्टर उदेश्वर सिंह के नेतृत्व में किया गया।
इस कार्यक्रम में सिवान की सांसद विजयलक्ष्मी कुशवाहा, जीरादेई विधायक भीष्म प्रताप कुशवाहा, बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री अवध बिहारी चौधरी, पूर्व मंत्री पी के शाही, पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा, जिलाधिकारी सिवान, पुलिस अधीक्षक सिवान, डीडीसी सिवान, एसडीएम सिवान सदर की उपस्थिति रही।

इस कार्यक्रम में सबसे पहले राजेंद्र बाबू के जन्मस्थली पर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। महामहिम ने राजेंद्रबाबू के पैतृक घर का अवलोकन किया। उसके बाद राजेंद्र उद्यान में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और झंडातोलन किया गया। मौके पर सभी आगत अतिथियों ने अपने सम्बोधनों में राजेंद्र बाबू के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। स्वागत भाषण डॉक्टर उदेश्वर सिंह ने दिया। इस अवसर पर जिले के कुछ प्रमुख लोगों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सीवान की प्रतिष्ठा को बढ़ाया है।
सन ऑफ सिवान, प्राइड ऑफ बिहार से सम्मानित होनेवालों में सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायधीश श्री शिवकीर्ति सिंह, बिहार के स्वास्थ्यमंत्री श्री मंगल पांडेय, पूर्व मंत्री पी के शाही, व्यासदेव प्रसाद, अंतराष्ट्रीय कथा वाचक राजन जी महाराज, बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री अवध बिहारी चौधरी, मगध विवि के वाइस चांसलर श्री शशि प्रताप शाही,
कैलिफोर्निया के डॉक्टर शिवशंकर सिंह, जूनागढ़ के महामंडलेश्वर उमाकांत नंद जी महाराज, लोकगायक जंगबहादुर सिंह, डी आई जी हरिकिशोर राय, मेजर निशांत, प्रभात एस कुमार, देव सिंह, हेमंत सिंह, के एन आनन्दशेखर, राजेश कुमार गुप्ता, अमित सिंह आदि शामिल रहे। कुछ लोगों ने स्वयं तो कुछ लोगों के प्रतिनिधियों ने महामहिम के करकमलों द्वारा सम्मान प्राप्त किया।
इस अवसर पर डीएम सीवान श्री विवेक रंजन मैत्रेय, पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा, जीरादेई मुखिया अक्षयलाल साह, उद्यमी डॉक्टर रूपेश कुमार और रामेश्वर सिंह ने महामहिम का स्वागत किया। मंच संचालन मनोरंजन सिंह ने किया। इस अवसर पर स्थानीय प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
