अमनौर के शहादी गांव में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
नहर के पास अचेत मिला था सुदामा राम, पटना में इलाज के दौरान तोड़ा दम; पुलिस जांच में जुटी
श्रीनारद मीडिया, पंकज मिश्रा, अमनौर, सारण (बिहार):

सारण जिला के अमनौर थाना क्षेत्र के अमनौर कल्याण पंचायत स्थित शहादी गांव निवासी 35 वर्षीय सुदामा राम की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतक सुदर्शन राम के पुत्र थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार सुदामा राम शनिवार देर शाम नरसिभानपुर नहर के समीप अचेत अवस्था में पड़े मिले।
सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने पटना रेफर कर दिया। पटना के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी हेवनूती देवी, दो पुत्र सोनू 18 वर्ष व मोनू 15 वर्ष तथा एक पुत्री सोनी कुमारी 12 वर्ष को छोड़ गए हैं। परिजनों ने गांव के यादव टोला के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि उनके बेटे को बुलाकर ले जाया गया था। कुछ खिलाने-पिलाने के बाद उसके साथ अनहोनी की गई। आरोप है कि घटना के बाद आरोपित पक्ष के कुछ लोग घर पहुंचकर मारपीट पर उतारू हो गए थे। पुलिस एवं स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
सूचना मिलने के बाद रविवार को अमनौर पुलिस मृतक के घर पहुंची और परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ की। थानाध्यक्ष हेमंत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
यह भी पढ़े
मैं तो जिंदा हूं..’, 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला कागज पर मृत घोषित, मानवाधिकार आयोग से लगाई गुहार
बिहार कैबिनेट की बैठक में 25 एजेंडों पर लगी मुहर, देखें किसको मिलेगा लाभ
मथुरा में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, दो की मौत, 15 घायल
