Headlines

राष्ट्रीय मतदाता दिवस राज्य और जिला स्तर पर मनाया जाता है

राष्ट्रीय मतदाता दिवस राज्य और जिला स्तर पर मनाया जाता है

16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर विशेष

 इस बार थीम ‘मेरा भारत, मेरा वोट’ है

बेहतर चुनाव प्रबंधन में पूर्वी चंपारण को दूसरी बार मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) रविवार को नई दिल्ली में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने के लिए तैयार है। इस वर्ष इस कार्यक्रम की थीम ‘मेरा भारत, मेरा वोट’ है, जिसकी टैगलाइन है, ‘भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में नागरिक’। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नई दिल्ली में मुख्य अतिथि के तौर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधु और निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी के साथ करेंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी कार्यक्रम को संबोधित

परंपरा के अनुसार, भारत के राष्ट्रपति इस कार्यक्रम को संबोधित करते हैं और नए नामांकित युवा निर्वाचकों को निर्वाचक फोटो पहचान-पत्र सौंपते हैं। राष्ट्रपति विभिन्न श्रेणियों में सर्वोत्तम निर्वाचन पद्धतियों के लिए पुरस्कार प्रदान करते हैं, जिनमें प्रौद्योगिकी के प्रभावी इस्तेमाल, चुनाव प्रबंधन और लॉजिस्टिक्स, अभिनव मतदाता जागरुक्ता, आदर्श आचार संहिता का कार्यान्वयन एवं प्रवर्तन, प्रशिक्षण तथा क्षमता-निर्माण के लिए पुरस्कार के साथ-साथ अन्य विशेष पुरस्कार तथा मीडिया के लिए पुरस्कार भी प्रदान करते हैं।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस-2026 में दो प्रकाशन भी लॉन्च किए जाएंगे

राष्ट्रीय मतदाता दिवस-2026 में दो प्रकाशन भी लॉन्च किए जाएंगे- ‘वर्ष 2025 : पहलों और अभिनवों का वर्ष’ और ‘चुनाव का पर्व, बिहार का गर्व,’ जो बिहार में आम चुनावों के सफल आयोजन पर होने वाला प्रकाशन है। इस अवसर पर चुनावी प्रबंधन और लोकतांत्रिक विकास में भारत निर्वाचन आयोग के वैश्विक नेतृत्व को दर्शाने वाला एक वीडियो भी दिखाया जाएगा।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस राज्य और जिला स्तर पर मनाया जाता है

राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह पूरे देश में एक साथ राज्य और जिला स्तर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारियों के कार्यालयों के जरिए भी आयोजित किए जाते हैं। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) भी अपने-अपने मतदान केन्द्र पर कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं और वे नए पंजीकृत हुए मतदाताओं को सम्मानित करेंगे और नए मतदाताओं को निर्वाचक फोटो पहचान-पत्र सौंपेंगे।

बेहतर चुनाव प्रबंधन में पूर्वी चंपारण को दूसरी बार मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

मोतिहारी. पूर्वी चंपारण के लिए गौरव का विषय है कि पूर्वी चंपारण जिले को लगातार दूसरी बार चुनाव प्रबंधन में उत्कृष्टता के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है. लोकसभा चुनाव 2024 में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद, अब बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भी उत्कृष्ट चुनाव प्रबंधन के लिए पूर्वी चंपारण का चयन किया गया है.

यह पुरस्कार राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी को चुनावों के संचालन में बेहतर प्रबंधन, आइटी पहल, सुरक्षा प्रबंधन और चुनाव प्रबंधन में नवाचारों के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी पूर्वी चंपारण को प्रदान किया जाएगा. पूर्वी चंपारण का यह लगातार दूसरा बार राष्ट्रीय पुरस्कार बिहार के लिए विशेष रूप से गौरव का विषय है.

पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान बेहतर चुनाव प्रबंधन के लिए देश के सभी जिलों में से पूर्वी चंपारण को चुना गया था. इस वर्ष भी बिहार विधानसभा चुनाव में जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन को मान्यता देते हुए पुनः यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है. भारतीय चुनावों की भव्यता, चुनाव सुधार, तकनीकी प्रगति और चुनाव प्रबंधन में नवीन प्रयोगों को प्रदर्शित करने वाला यह पुरस्कार राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रदान किया जाता है.

इस सम्मान के लिए जिला प्रशासन के सभी कर्मियों की मेहनत, समर्पण और जिले के नागरिकों के सहयोग मुख्य आधार है. यह उपलब्धि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है.यह लगातार दो राष्ट्रीय पुरस्कार बिहार में चुनाव प्रबंधन की मजबूती और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं.

Leave a Reply

error: Content is protected !!