चैती छठ पूजा को लेकर घाटों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा
श्रीनारद मीडिया,मांझी, सारण (बिहार):

चैती छठ पूजा को लेकर घाटों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। ऐसे में मांझी के छोटे प्रसाद ने भी अपने स्तर से बैरिया छठ पूजा घाट पर साफ-सफाई शुरू कर दी है। वे छठ पूजा में हमेशा सक्रिय नजर आते हैं। महापर्व छठ में गहरी आस्था रखने वाले छोटे प्रसाद ने बताया कि चैती छठ पूजा में लगभग दो दशक से इस बैरिया के साथ थाना घाट से साफ सफाई कर घाट की गंदगी को हटाने का काम करते चले आ रहे है।
छठ पूजा में व्रतियों को कोई परेशानी ना हो इसके लिए घाट पर चाय, दातुन, रुई, माचिस, मोमबत्ती आदि की व्यवस्था अपने निजी खर्चे से करते हैं। उन्होंने बताया कि मांझी नगर पंचायत द्वारा भी छठ घाट निर्माण में सहयोग किया जा रहा है। सभी घाटों की सफाई की जा रही है। छठ व्रतियों को घाट पर किसी तरह की परेशानी नहीं हो इसके लिए सभी छठ घाटों पर रोशनी व साउंड सिस्टम की भी व्यवस्था की गई है।
अर्घ्य के दौरान घाट पर अगरबत्ती, दूध निःशुल्क वितरण किया जाएगा। जबकि श्रद्धालुओं के लिए गर्मी को देखते हुए शर्बत की व्यवस्था की गई है। चार दिनी सूर्योपासना का महापर्व चैती छठ पूजा नहाय खाय के साथ रविवार को शुरू होगा । बुधवार को उगते सूर्य को अर्घ्य दान के साथ छठ पूजा संपन्न होगा। बाजार में बज रहे छठ व रामनवमी के गीतों से पूरा वातावरण भक्ति से सराबोर हो गया है। कुछ छठ घाटों को छोड़कर अधिकांश जगहों पर छठ घाट की सफाई पूरी कर ली गई है।
