बगौरा में स्वतंत्र पार्टी का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन, (बिहार)।
सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड के बगौरा में स्वतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मनाथ माली के दरवाजे पर बुधवार को स्वतंत्र समाज पार्टी का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रसोइया संघ से जुड़े सदस्य एवं कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष धर्मनाथ माली ने की। स्थापना दिवस के मौके पर केक काटकर पार्टी के गठन दिवस को उत्सव के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे रसोइयों ने अपनी एकजुटता का परिचय दिया और संगठन की मजबूती पर जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमानंद प्रसाद ने कहा कि स्वतंत्र समाज पार्टी हमेशा से रसोइया संघ की मांगों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाती रही है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी उन लोगों की आवाज है, जिनकी समस्याएं लंबे समय से अनसुनी की जाती रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रसोइयों के मानदेय, सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगे कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल मांग उठाना ही नहीं, बल्कि उनका समाधान सुनिश्चित कराना भी है। उन्होंने रसोइया संघ के सभी सदस्यों से संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने रसोइयों की विभिन्न समस्याओं जैसे कम मानदेय, अस्थायी नियुक्ति और सामाजिक सुरक्षा की कमी पर भी चर्चा की। अंत में सभी ने मिलकर संगठन को मजबूत बनाने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।