रामजन्मोत्सव के पावन अवसर पर निकली भव्य शोभायात्रा, गूंजा ‘जय श्री राम’ का जयघोष
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार )।
सीवान जिला के दरौंदा प्रखंड अंतर्गत बगौरा गाँव में शुक्रवार को रामनवमी के पावन अवसर पर दशरथ नंदन, जनक दुलारे प्रभु श्रीराम जी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा यात्रा के पूर्व भगवान श्रीराम की विधिवत वैदिक मन्त्रोच्चार के साथ पूजन अर्चन की गई। उसके बाद भगवान श्रीराम की प्रतिमा को रथ पर सवार कर शोभायात्रा निकाली गई।
यह शोभायात्रा शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुई। पूरे गाँव को भगवा पताकाओं से सजाया गया था, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ न्यू मार्केट स्थित रामजानकी मंदिर (केनरा बैंक के समीप) से दोपहर 2 बजे किया गया। जुलूस में हाथी, घोड़े, बैण्ड-बाजे और नगाड़ों की धुन पर हजारों की संख्या में रामभक्त शामिल हुए। श्रद्धालु अपने हाथों में झंडे-पताके लेकर ‘जय श्री राम’ के जयघोष के साथ आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया।
शोभायात्रा न्यू मार्केट से गढ़ के पूरब, देवी द्वार, उदयनी टोला, शिव मोड़, पुरानी बाजार और चौबाह बाबा स्थान होते हुए पुनः रामजानकी मंदिर परिसर पहुंचकर सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल एवं नींबू शरबत की समुचित व्यवस्था की गई थी।
ज्ञात हो कि भगवान श्रीराम का जन्म चैत माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को हुआ था, जिसे रामनवमी के रूप में पूरे देश में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर बगौरा गाँव में भी लोगों ने उत्सव और आनंद के साथ जन्मोत्सव मनाया।