Headlines

बिहार में आज गिरेंगे ओले, तेज बारिश-आंधी से सावधान!

बिहार में आज गिरेंगे ओले, तेज बारिश-आंधी से सावधान!

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

रामनवमी के दिन मौसम के कई रंग देखने को मिले. सुबह से लेकर दोपहर बाद तक तेज और चुभने वाली धूप रही. उमस भरी गर्मी ने लोगों को काफी परेशान किया. दिन का तापमान भी 40°C तक पहुंच गया. इसके बाद मौसम का मूड स्विंग हुआ. दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बाद मौसम का मिजाज अचानक बदलने लगा. आसमान में काले बादल छा गए और गरज-चमक के साथ तेज आंधी चलने लगी. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, दरभंगा और पूर्णिया समेत पूरे बिहार में देर रात तक मौसम खराब बना रहा.
आंधी ने मचाई तबाही
  • अचानक आई तेज आंधी और बारिश के कारण पटना के डाकबंगला चौराहा पर रामनवमी कार्यक्रम के लिए लगाया गया विशाल एलईडी गेट टूटकर गिर गया. हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है. इसके अलावा कई जगहों पर दुकानों के होर्डिंग भी उड़ गए. ऐसा नजारा पूरे बिहार में देखने को मिला.
आज 6 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना
  • आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार आज भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने की संभावना है. छह जिलों में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है, जबकि अन्य जिलों में तेज आंधी और बारिश की प्रबल संभावना है. मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी
  • शुक्रवार शाम से मौसम ने ऐसा रुख बदला कि हर तरफ तबाही का मंजर देखने को मिला. दक्षिण बिहार से लेकर पूर्वी और उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और जोरदार बारिश हुई. औरंगाबाद, गया, नालंदा, नवादा सहित कई जिलों में ओलावृष्टि जैसी स्थिति भी बनी रही. कई जगहों पर तेज हवा से भारी नुकसान हुआ है.
  • पटना में तो एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. डाकबंगला चौराहे पर शोभायात्रा के स्वागत के लिए बड़े-बड़े एलईडी गेट लगाए गए थे. मंच पर बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे और भारी संख्या में लोग भी जुटे थे. इसी दौरान तेज आंधी आई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.
  • तेज हवा के कारण एलईडी गेट भरभराकर गिर पड़े, लेकिन सौभाग्य से वे मंच से करीब 200 मीटर दूर गिरे. बहुत बड़ा हादसा टल गया. देर रात तक आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहा. कई जिलों में तो बिजली भी बाधित हुई. कहीं टीन का शेड तो कहीं दुकान के होर्डिंग उड़ गए.
आज ऐसा रहेगा मौसम
  • आईएमडी द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज यानी 28 मार्च को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा. पूर्वी बिहार सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर और बांका सहित 6 जिलों में ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है. इसके अलावा, पटना, गया, मुजफ्फरपुर, बक्सर, पश्चिम चंपारण, दरभंगा सहित शेष सभी 32 जिलों के आमसान में काले बादल छाए रहेंगे. रुक-रुककर बारिश होती रहेगी साथ हवा की रफ्तार भी काफी तेज रह सकती है.
  • कल यानी 29 मार्च को भी मौसम का मिजाज कुछ हद तक ऐसा ही रहेगा. पूर्वी बिहार के जिलों में खराब मौसम का ज्यादा असर रहेगा जबकि पश्चिम बिहार में मौसम शुष्क रहेगा. 30 मार्च से मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहेगा.
मार्च खत्म होते-होते तापमान 40°C के पास
  • रामनवमी के दिन गर्मी ने भी अपना प्रचंड रूप दिखाया. तीखी धूप की वजह से दिन का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.8°C रोहतास के बिक्रमगंज में दर्ज हुआ. यह इस सीजन का अबतक का सबसे गर्म जिला साबित हुआ. इसके अलावा, कैमूर में 30°C, गयाजी में 37.6°C, डेहरी में 37.2°C, पटना और औरंगाबाद में 36.2°C दर्ज हुआ. दक्षिण पश्चिम भाग के जिलों का अधिकतम तापमान सबसे अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है जबकि सीमांचल जिलों के तापमान में गिरावट देखी जा रही है. किशनगंज में तो दिन का तापमान 29.6°C दर्ज हुआ.
  • हालांकि, अब बारिश होने से पूरे बिहार के अधिकतम तापमान में भारी गिरावट होने की संभावना है. गर्मी से राहत मिल रही है जबकि मौसम सुहावना बना हुआ है. हालांकि, आंधी बारिश से आम लोगों को नुकसान भी हो रहा है.

Leave a Reply

error: Content is protected !!