Headlines

बिहार विधानसभा में सम्राट चौधरी ने बहुमत साबित कर दिया है

बिहार विधानसभा में सम्राट चौधरी ने बहुमत साबित कर दिया है

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

सम्राट चौधरी का विश्वास मत प्रस्ताव ध्वनि मत से पास हो गया है। तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले विपक्ष ने मत विभाजन यानी वोटिंग की मांग नहीं रखी, जिससे सरकार ने आसानी से बहुमत साबित कर दिया।

बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सदन में बहुमत साबित कर दिया है। राजद नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले विपक्ष ने वोटिंग की मांग नहीं की, जिसके बाद स्पीकर ने ध्वनि मत से सम्राट चौधरी के विश्वास मत प्रस्ताव को पारित घोषित कर दिया। इससे पहले सदन में विश्वास मत के प्रस्ताव पर एनडीए और विपक्ष के नेताओं के बीच बहस हुई। तेजस्वी ने प्रस्ताव के विरोध में कहा कि 25 से 30, फिर से नीतीश बोलकर बीजेपी ने नीतीश को फिनिश कर दिया है। जवाब देते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार को कोई हटा नहीं सकता, बल्कि उनकी इच्छाशक्ति से आज वो मुख्यमंत्री बने हैं।

सम्राट चौधरी ने उम्र, नाम और डिग्री को लेकर उठ रहे सवालों का भी विधानसभा के जरिए जवाब दिया और कहा कि वो अगर नाबालिग होते तो पुलिस उनको जेल नहीं ले जाती, बल्कि बाल सुधार गृह भेजती। लालू यादव की पाठशाला से निकले होने वाले तेजस्वी यादव के बयान पर सम्राट चौधरी ने कहा कि सत्ता किसी की बपौती नहीं है। उन्होंने कहा कि नीतीश नहीं होते तो लालू विधायक बन जाते, लेकिन नेता नहीं बन पाते। उन्होंने लालू के पहली बार सीएम बनने की याद दिलाते हुए कहा कि आरएसएस के सामने घुटना टेकने के बाद ही लालू यादव को पहली बार हल्दी लगा था।

लालू के अत्याचार के कारण सीएम बन पाया नहीं तो राजनीति में नहीं आता- सम्राट

सम्राट ने कहा कि प्रखंड, अंचल और थाना पर मुख्यमंत्री कार्यालय से सीधी नजर रखी जाएगी। वहां किसी प्रकार की गड़बड़ी स्वीकार्य नहीं होगी। चौधरी ने लालू पर तीखा वार किया और कहा कि मुझे मुख्यमंत्री बनाने में उनकी भी भूमिका है। उनके अत्याचार के कारण ही मैं सीएम बन पाया। उन्होंने मेरे ऊपर अत्याचार किया और मैं राजनीति में आ गया। यदि उन्होंने मेरे ऊपर अत्चायार नहीं किया होता तो मेरा रास्ता राजनीति से अलग होता। लालू ने मुझे और मेरे 22 संबधियों को फर्जी केस में जेल में डाल दिया। बाद में मिलर स्कूल के मैदान में लालू ने इसके लिए माफी भी मांगी।

पर्सनल हमले होंगे तो अपने लिए भी तैयार रहें, तेजस्वी को सम्राट की चेतावनी

मुख्यमंत्री ने खुद को लालू की पाठशाला की ऊपज बताने पर तेजस्वी को आड़े हाथों लिया और कहा कि वो भाजपा के कारण मुख्यमंत्री बन पाए हैं। लालू यादव की पाठशाला नहीं, उनके अत्याचारों से सीएम बना। तेजस्वी गलतफहमी में नहीं रहें। उन्होंने तेजस्वी को व्यक्तिगत हमलों से परहेज करने की सलाह दी और कहा कि ऐसा होता है तो फिर वे भी तैयार रहें। जो व्यक्ति अपनी बहन का घर में सम्मान नहीं कर सकता, वो सम्मान पर उपदेश ना दे।

नीतीश कुमार को कोई हटा नहीं सकता, ना कुर्सी से, ना दिल से- सम्राट चौधरी

सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार को कोई नहीं हटा सकता। न कुर्सी से, न दिल से। बिहार की जनता के दिल में आज भी नीतीश हैं। उनके बताए रास्ते पर चलते हुए हम बिहार को विकसित राज्य बनाएंगे। नीतीश यात्रा के दौरान हम लोगों की तरफ दिखाकर कहते थे कि अब यही लोग देखेंगे। हम हैरान होते। बाद में उन्होंने हमें कहा कि हम दिल्ली में रहकर बिहार का हक दिलवाएंगे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!