छपरा में सड़क हादसे में यूपी के चार कलाकारों की मौत,6 गंभीर
श्रीनारद मीडिया, छपरा (बिहार):

सारण जिला के भगवानबाजार थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑर्केस्ट्रा के चार कलाकारों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा डॉ. पीएन सिंह डिग्री कॉलेज के समीप उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
मृतकों में दो महिला कलाकार भी शामिल हैं, जिससे घटना और भी हृदयविदारक बन गई है। सभी कलाकार उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। वे छोटा ब्रह्मपुर में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद पिकअप वाहन से वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से निकालकर मदद शुरू की। सूचना मिलने पर भगवानबाजार थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को आनन-फानन में छपरा सदर अस्पताल भेजा गया।अस्पताल सूत्रों के मुताबिक घायलों में कई की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
यह भी पढ़े
शपथ ग्रहण में जाने के लिए नहीं है अच्छी साड़ी
बंगाल में 9 मई को होगा नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह
TVK चीफ विजय ने किया सरकार बनाने का दावा
सहरसा में सांसद दिनेश चंद्र यादव की अध्यक्षता में दिशा की बैठक संपन्न
