TVK चीफ विजय ने किया सरकार बनाने का दावा
क्या 7 मई को हो पाएगा ‘विजय तिलक’?
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के चीफ थलापति विजय ने आज बुधवार को तमिलनाडु के गवर्नर राजेंद्र अर्लेकर से मुलाकात की है और सरकार बनाने का दावा पेश किया है।तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में विजय की पार्टी TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। टीवीके ने 108 सीटें हासिल कीं और विजय राज्यपाल से मिलने लोकभवन पहुंचे हैं।
TVK को बहुमत के लिए चाहिए 10 विधायक
टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं, लेकिन सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी को 118 सीटें चाहिए। टीवीके को बहुमत हासिल करने के लिए अभी 10 और विधायकों की जरूरत है।आइएएनएस के अनुसार, सरकार बनाने के लिए टीवीके पीएमके, वामपंथी दलों और वीसीके जैसे छोटे दलों से समर्थन मांग सकती है। कांग्रेस ने पहले ही टीवीके को समर्थन देने के संकेत दे दिए हैं।
हालांकि द्रमुक के गठबंधन सहयोगियों एमडीएमके, वीसीके और डीएमडीके ने टीवीके से दूरी बनाए रखने का संकेत दिया है और वे समर्थन देने के इच्छुक नहीं हैं।कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने नई दिल्ली में बताया कि पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश इकाई को जनादेश की भावनाओं को ध्यान में रखकर अंतिम निर्णय लेने का निर्देश दिया है।
तमिलनाडु में TVK बनी सबसे बड़ी पार्टी
टीवीके चीफ विजय ने दिसंबर 2025 में एक्टिंग की दुनिया को अलविदा कहकर पूरी तरह खुद को राजनीति में झोंक दिया था। इसका नतीजा ये रहा कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में विजय की TVK सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाली पार्टी बनी।
विजय ने खुद दोनों सीटों तिरुचिरापल्ली पूर्व और पेरम्बूर से जीत हासिल की और यह साबित कर दिया कि उनका करिश्मा सिर्फ सिनेमा तक ही सीमित नहीं है।राज्यपाल से मिलने के बाद विजय गुरुवार, 7 मई को चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
विजय चुने गए विधायक दल के नेता
चुनावों में चौंकाने वाली जीत हासिल करने के बाद विजय मंगलवार को पार्टी मुख्यालय पहुंचे और नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक की। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में विजय ने मंत्रिमंडल के गठन और विधानसभा में विधायकों के आचरण पर मंथन किया।
टीवीके नेता नांजिल संपत से जब पूछा गया कि पार्टी बहुमत कैसे हासिल करेगी, तो उन्होंने कहा कि पार्टी प्रमुख इस मामले को सुलझा लेंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने विजय को चुनाव में जीत पर बधाई दी, जिस पर उन्होंने दोनों को धन्यवाद दिया।
क्या 7 मई को हो पाएगा ‘विजय तिलक’?
बहुमत के जादुई आंकड़े से दूर टीवीके
TVK ने 234 सदस्यों वाली विधानसभा में 108 सीटें जीती हैं जो बहुमत के आंकड़े से 10 सीट कम हैं। विजय के विधानसभा चुनाव में जीती हुई दो सीटों में से एक से इस्तीफा देने के साथ, असेंबली में TVK के पास 107 विधायक हो जाएंगे।
TVK को मिला कांग्रेस का समर्थन
TVK, जो शानदार असेंबली इलेक्शन डेब्यू में तमिलनाडु में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, उसे कांग्रेस के पांच MLA का सपोर्ट मिला है। कांग्रेस ने DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन के हिस्से के तौर पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उसने TVK को सपोर्ट करने का फैसला किया है।
कांग्रेस के समर्थन के बावजूद बहुमत से दूर विजय, कैसे अंतर को करेंगे पूरा?
कांग्रेस के समर्थन के बावजूद विजय की टीवीके बहुतमत के आंकड़े 118 से पांच सीट पीछे हैं। इस अंतर को पाटने के लिए TVK ने AIADMK से भी संपर्क किया है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव DMK के साथ गठबंधन में लड़ा था, जबकि, AIADMK, NDA का सबसे बड़ा घटक दल था, जिसमें भाजपा भी शामिल थी।
DMK ने कांग्रेस के कदम को बताया विश्वासघाच
कांग्रेस के टीवीके को समर्थन देने की घोषणा के बाद DMK ने कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने इस कदम को दूरदर्शिता की कमी बताया और कांग्रेस पर इंडी गठबंधन के सहयोगियों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया।
