औरंगाबाद में सांसद अभय कुशवाहा की गाड़ी पर हमला
पर्सनल असिस्टेंट और ड्राइवर के साथ मारपीट
शादी समारोह से लौटने के दौरान वारदात
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हसनबार गांव में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां अज्ञात लोगों ने सांसद अभय कुमार सिन्हा उर्फ अभय कुशवाहा की गाड़ी पर हमला कर दिया। घटना के समय सांसद गाड़ी में मौजूद नहीं थे, लेकिन हमलावरों ने गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और सांसद के पीए संजय कुमार तथा चालक नौलेश यादव उर्फ रौशन के साथ मारपीट की।
घटना में चालक को गंभीर चोटें आई हैं,जानकारी के अनुसार सांसद के पीए संजय कुमार सांसद की अनुपस्थिति में श्रीडीह गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से उन्हें ताराडीह जाना था। इसी दौरान वे हसनबार गांव से होकर लौट रहे थे। पीए के मुताबिक गांव के संकरे रास्ते में विपरीत दिशा से आ रही गाड़ियों को साइड देने को लेकर विवाद शुरू हुआ।
चालक ने पहले अपनी गाड़ी पीछे कर दूसरी गाड़ी को रास्ता दिया, लेकिन इसके बाद दूल्हा पक्ष की एक गाड़ी सांसद की गाड़ी के सामने खड़ी कर दी गई। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर वहां मौजूद कुछ लोगों ने विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और कुछ लोग मारपीट पर उतर आए। आरोप है कि हमलावरों ने सांसद की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और चालक नौलेश यादव के साथ जमकर मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे पीए संजय कुमार के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।
घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस और सदर एसडीपीओ-2 चंदन कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। मामले को लेकर सांसद की गाड़ी के चालक द्वारा मदनपुर थाना में लिखित आवेदन देने की तैयारी की जा रही है। सांसद के पीए ने बताया कि हमला करने वाले तीन लोगों की पहचान कर ली गई है। इनमें हसनबार गांव निवासी रौशन कुमार, सोनू कुमार और सुधीर कुमार शामिल हैं।
सांसद ने कहा- बोर्ड लगे होने के बावजूद हमला निंदनीय है घटना को लेकर सांसद अभय कुशवाहा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह फिलहाल पटना में हैं और एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। उन्होंने बताया कि उनकी अनुपस्थिति में उनके पीए कुछ लोगों के साथ क्षेत्र में आयोजित शादी समारोहों में शामिल होने गए थे। इसी दौरान हसनबार गांव में उनकी गाड़ी पर हमला किए जाने की सूचना मिली। सांसद ने कहा कि गाड़ी पर सांसद का बोर्ड लगा होने के बावजूद हमला किया जाना बेहद निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने औरंगाबाद एसपी अंबरीश राहुल को फोन कर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। वहीं सदर एसडीपीओ-2 चंदन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बारात के दौरान गाड़ी साइड करने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक हुई थी, जिसमें सांसद की गाड़ी का शीशा क्षतिग्रस्त हुआ। उन्होंने कहा कि फिलहाल कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े
बेतिया पुलिस का बड़ा एक्शन, छावनी ओवरब्रिज के पास 5 युवक गिरफ्तार, कट्टा-कारतूस बरामद
असम सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC) के मसौदा विधेयक को मंजूरी दे दी है
फाइलेरिया मरीजों के दर्द को मिला सहारा, पीएसपी ने थामा जरूरतमंदों का हाथ
धौरी गोपाल में हुई मारपीट में 6 आरोपी गये जेल
फ्लोर टेस्ट में AIADMK का विजय को समर्थन
बारात से लौट रही बोलेरो अज्ञात ट्रक से टकराई, एक की मौत, सात घायल
सपा नेता अखिलेश यादव के भाई प्रतीक का निधन, लखनऊ के अस्पताल में तोड़ा दम
माघ मेला प्रकरण: नागरिक समिति के प्रतिवेदन में शंकराचार्य को निशाना बनाने का आरोप, राज्य–धर्म संतुलन
