Headlines

कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन को केरलम का नया मुख्यमंत्री नियुक्त किया

कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन को केरलम का नया मुख्यमंत्री नियुक्त किया

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

चुनाव परिणाम के बाद 10 दिनों के सस्पेंस और कयासों के बाद कांग्रेस ने गुरुवार को वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन को केरलम का नया मुख्यमंत्री नियुक्त करने की घोषणा कर दी है। सतीशन को केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे की ऐतिहासिक वापसी का मुख्य चेहरा माना जा रहा है।

हालांकि, पार्टी के भीतर एक वर्ग केसी वेणुगोपाल के नाम पर भी विचार कर रहा था, लेकिन अंततः सतीशन के नाम पर मुहर लगी। केरलम की राजनीति में एक दशक से चले आ रहे एलडीएफ के शासन को खत्म करते हुए यूडीएफ ने 140 में से 102 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।

वहीं, वामपंथी गठबंधन (LDF) मात्र 35 सीटों पर सिमट गया। इस बड़ी जीत के बाद मुख्यमंत्री के नाम को लेकर काफी गहमागहमी थी, जिस पर अब विराम लग गया है।

कौन हैं वी.डी. सतीशन?

वी.डी. सतीशन केरलम की राजनीति का एक जाना-माना और अनुभवी चेहरा हैं। पेशे से वकील सतीशन अपनी साफ-सुथरी छवि और तार्किक बहस के लिए जाने जाते हैं। वह 2021 से 2026 तक केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में कार्य कर चुके हैं। सतीशन एर्नाकुलम जिले की परावुर सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह 2001 से लगातार इस सीट से विधायक चुने जा रहे हैं।

1964 में कोच्चि के पास नेटूर में जन्मे सतीशन ने छात्र राजनीति (NSUI) से अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने सोशल वर्क और कानून की पढ़ाई की और केरल उच्च न्यायालय में वकील के रूप में अभ्यास भी किया।

सतीशन को न केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का समर्थन प्राप्त है, बल्कि IUML और केरल कांग्रेस (जोसेफ) जैसे सहयोगी दलों के बीच भी उनकी अच्छी साख है। अब देखना यह होगा कि मुख्यमंत्री के रूप में वह केरल के विकास को किस नई दिशा में ले जाते हैं।

वीडी सतीशन की संपत्ति

2026 के विधानसभा चुनावों के दौरान जमा किए गए हलफनामे के अनुसार, वी.डी. सतीशन एक करोड़पति नेता हैं। सतीशन और उनकी पत्नी लक्ष्मीप्रिया की कुल चल-अचल संपत्ति लगभग 6.69 करोड़ रुपये है।

सतीशन के पास 53.82 लाख रुपये और उनकी पत्नी के पास 68.45 लाख रुपये की चल संपत्ति है। इसमें नकदी, बैंक जमा और शेयर शामिल हैं। सतीशन के पास 35 ग्राम सोना है, जबकि उनकी पत्नी के पास 1,128 ग्राम सोना है।

उनकी अचल संपत्ति की कीमत लगभग 2.42 करोड़ रुपये है, जिसमें परावुर और नेटूर में पुश्तैनी और खरीदी गई जमीन शामिल है। उनकी पत्नी के पास भी 1.85 करोड़ रुपये की विरासत में मिली जमीन है। उनके परिवार के पास बेटी के नाम पर 9.61 लाख रुपये की एक कार है। सतीशन पर लगभग 24 लाख रुपये और उनकी पत्नी पर 17.45 लाख रुपये का कर्ज भी है।

कांग्रेस ही असली वामपंथी

सतीशन ने बार-बार कांग्रेस को ही ‘असली वामपंथी’ के तौर पर पेश किया, उन्हें इस बात का पूरा एहसास था कि केरल की राजनीतिक संस्कृति में आज भी नेहरूवादी समाजवाद के मजबूत तत्व मौजूद हैं। उनकी इस रणनीति ने वामपंथ के कुछ पारंपरिक समर्थकों के मन में भी उम्मीद की एक किरण जगा दी। कई जानकारों की नजर में कन्नूर जैसे इलाकों में वामपंथ के लंबे समय से चले आ रहे गढ़ों का कमज़ोर पड़ना, लोगों के बदलते मिजाज का ही एक संकेत था।

102 सीटों के साथ यूडीएफ गठबंधन को मिला था बहुमत

इस बैठक के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया था कि, 14 मई को सीएम के नाम का ऐलान किया जाएगा। उन्होंने कहा, “केरलम में कांग्रेस विधायक दल के सदस्यों द्वारा अधिकृत किए जाने के बाद कांग्रेस आलाकमान ने सभी चर्चाएं पूरी कर ली हैं। केरलम का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इस पर फैसला गुरुवार को होगा।”

बता दें कि 140 सदस्यीय केरलम विधानसभा में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ ने 102 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री के नाम पर जल्द फैसला नहीं होने से पार्टी की किरकिरी हो रही थी। यहां तक कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ ने भी माना था कि इस देरी से जीत की चमक फीकी पड़ रही है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!