सहयोग शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, विभिन्न समस्याओं के लिए दिये आवेदन
श्रीनारद मीडिया, सिसवन, सीवान (बिहार):

सीवान जिला के सिसवन प्रखंड के सिसवां कला पंचायत अंतर्गत चांदपुर गांव स्थित पंचायत भवन परिसर में मंगलवार को सरकार के निर्देश पर चलाये जा रहे सहयोग शिविर अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किये। कार्यक्रम का सीओ पंकज कुमार एवं बीडीओ राजेश कुमार की देखरेख में किया गया।
शिविर में ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, नाली की सफाई, पेयजल संकट, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, राशन कार्ड, पेंशन तथा भूमि संबंधित मामलों को लेकर आवेदन दिये। अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। इस दौरान कई आवेदनों का मौके पर ही समाधान भी किया गया, जिससे ग्रामीणों में संतोष देखा गया।
सीओ पंकज कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा है कि पंचायत स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाये, ताकि आम नागरिकों को बार-बार प्रखंड अथवा जिला कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने बताया कि सहयोग शिविर अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
वहीं बीडीओ राजेश कुमार ने कहा कि अधिकारी जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि प्रखंड की सभी पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से ऐसे शिविर आयोजित किये जायेंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
चैनपुर में 25 लीटर देसी शराब के साथ युवक गिरफ्तार
श्रीनारद मीडिया, सिसवन, सीवान (बिहार):
चैनपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर रामगढ़ गांव में छापेमारी कर 25 लीटर देसी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामगढ़ निवासी सोना मियां के पुत्र नवी हुसैन के रूप में हुई है।थानाध्यक्ष विजय रंजन कुमार ने बताया कि आरोपी को न्यायालय भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी है।
