कवलपुरा में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन, अब गांव के लोगों को घर के पास मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
श्रीनारद मीडिया, विक्की बाबा, मशरक, सारण (बिहार):

मशरक प्रखंड के कवलपुरा गांव में शुक्रवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
उदघाटन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अनंत नारायण कश्यप, डॉ चन्द्रशेखर सिंह, पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि पप्पू सिंह तथा सरपंच प्रतिनिधि अनिल सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने भवन और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण भी किया। मौके पर उपस्थित स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर के संचालन से गांव और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। अब सामान्य बीमारियों के इलाज, स्वास्थ्य जांच, परामर्श, टीकाकरण और जरूरी दवाओं के लिए ग्रामीणों को दूर अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी। डॉ चन्द्रशेखर सिंह ने बताया कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उनके नजदीक उपलब्ध कराई जाए। इसी उद्देश्य से आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को विकसित किया जा रहा है ताकि लोगों को प्राथमिक स्तर पर ही इलाज मिल सके और गंभीर बीमारियों की पहचान समय पर हो सके।
वहीं उनके बाबा इलाके के प्रसिद्ध चिकित्सक स्व नागेश्वर सिंह की सोच थी कि उनके गांव स्तर पर सरकारी अस्पताल हों। आपकों बता दें कि सीएचसी मशरक में कार्यरत चिकित्सक डॉ चन्द्रशेखर सिंह कवलपुरा गांव के ही रहने वाले हैं। उद्घाटन कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य प्रबंधक अमित कुमार, प्रियांशु प्रकाश, डॉ इशिका गुप्ता,बीसीएम लव कुश कुमार सहित कई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक भी किया गया।
ग्रामीणों ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर खुलने पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे गांव के गरीब और जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिलेगी। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को इलाज के लिए दूर जाने की समस्या से निजात मिलेगी। उद्घाटन के मौके पर पूरे गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
यह भी पढ़ें
टॉप-10 सूची में शामिल अपराधी अमित पटेल गिरफ्तार
पूरे देश में अब एक ही इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर होगा, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश
