एक सप्ताह से अंधेरे में तख्त टोला, दो बार बदला ट्रांसफार्मर फिर भी नहीं लौटी बिजली
श्रीनारद मीडिया, विक्की बाबा, मशरक, सारण (बिहार):

सारण जिला के मशरक नगर पंचायत क्षेत्र के तख्त टोला में बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। बीते एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर जले होने के कारण पूरे टोले की बिजली आपूर्ति ठप है। हालात यह हैं कि भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि बिजली विभाग ने एक सप्ताह के भीतर दो बार ट्रांसफार्मर बदलकर लगाया, लेकिन दोनों बार ट्रांसफार्मर चालू होने के लगभग एक घंटे के भीतर ही जल गया। इससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।स्थानीय निवासी ब्रह्मदेव मांझी ने बताया कि 5 जून को आए तेज आंधी-बारिश के बाद टोले को बिजली आपूर्ति करने वाला ट्रांसफार्मर जल गया था।
इसके बाद ग्रामीण लगातार बिजली बहाल करने की मांग करते रहे। विभाग द्वारा दो बार नया ट्रांसफार्मर लगाया गया, लेकिन दोनों बार थोड़ी ही देर में वह भी जल गया। नतीजा यह हुआ कि एक सप्ताह बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली नहीं रहने से रात के समय घरों के भीतर रहना मुश्किल हो गया है। मजबूर होकर लोग अपने परिवार के साथ घरों के बाहर और दरवाजे पर सोने को विवश हैं।
इसी मजबूरी का दुखद परिणाम उस समय सामने आया जब हाल ही में दरवाजे पर सो रहे लोगों को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जिसमें सात लोग घायल हो गए। इनमें दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। ब्रह्मदेव मांझी का आरोप है कि यदि बिजली विभाग समय पर उचित क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर देता तो लोग घरों के बाहर सोने को मजबूर नहीं होते और ऐसी दर्दनाक घटना भी शायद नहीं होती।
वहीं ग्रामीण सूरज राम ने बताया कि क्षेत्र में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ी है, लेकिन उसके अनुरूप क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड पड़ने के कारण वह बार-बार जल जा रहा है। उनका कहना है कि जब तक उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जाएगा, तब तक समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।
बिजली संकट के कारण टोले में भीषण गर्मी में पेयजल की समस्या भी गंभीर हो गई है।अधिकांश घरों में मोटर और पंप नहीं चल पा रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, मोबाइल चार्ज करना भी चुनौती बन गया है और बुजुर्गों, महिलाओं तथा छोटे बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने, तकनीकी जांच कराने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में एक सप्ताह से अंधेरे में रहना किसी बड़ी परीक्षा से कम नहीं है, लेकिन विभाग अब तक समस्या के मूल कारण को दूर करने में विफल साबित हुआ है।
यह भी पढ़े
बिहार कैबिनेट की बैठक में 25 एजेंडों पर लगी मुहर, देखें किसको मिलेगा लाभ
महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर राजद का एक दिवसीय धरना प्रदर्शन
मैं तो जिंदा हूं..’, 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला कागज पर मृत घोषित, मानवाधिकार आयोग से लगाई गुहार
बिहार कैबिनेट की बैठक में 25 एजेंडों पर लगी मुहर, देखें किसको मिलेगा लाभ
मथुरा में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, दो की मौत, 15 घायल
