Headlines

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छपरा जंक्शन से छपरा से आनंद विहार दिल्ली नयी एक्सप्रेस का किया शुभारंभ

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छपरा जंक्शन से छपरा से आनंद विहार दिल्ली नयी एक्सप्रेस का किया शुभारंभ

– मऊ-दिल्ली ट्रेन और दोहरीघाट सेवा का हुआ विस्तार, रेल मंत्री बोले- दोहरीघाट में किया वादा तय समय में पूरा, बिहार में बुलेट ट्रेन नेटवर्क की भी दी जानकारी

श्रीनारद मीडिया, के. के. सिंह सेंगर, श्रीनारद मीडिया छपरा (बिहार):

छपरा (सारण)। बिहार के छपरा जंक्शन पर शुक्रवार को आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव व बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधान पार्षद ई सच्चिदानंद था, विधायक पार्षद डॉ वीरेंद्र नारायण यादव आदि सहित विधायकगण व रेलवे के वरीय अधिकारियों ने संयुक्त रूप से छपरा-आनंद विहार दिल्ली नयी एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

इसके साथ ही केंद्रीय रेल मंत्री व मुख्यमंत्री बिहार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ तथा दोहरीघाट-औंड़िहार-दोहरीघाट रेल सेवा का वाराणसी सिटी तक मार्ग विस्तार भी किया गया। समारोह के दौरान मढ़ौरा लोकोमोटिव फैक्ट्री से गिनी गणराज्य को निर्यात होने वाले 51वें रेल इंजन को भी रवाना किया गया।

 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 11 मई 2026 को दोहरीघाट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस, मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस तथा दोहरीघाट-औंड़िहार ट्रेन सेवा के विस्तार की घोषणा की गई थी और आज इन सभी वादों को समय पर पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि नई ट्रेनों के संचालन से छपरा, बलिया, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, सुल्तानपुर, लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़ और दिल्ली के बीच सीधी एवं सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी स्थापित होगी।

बिहार में रिकॉर्ड रेल विकास का दावा
रेल मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले बिहार को औसतन एक हजार करोड़ रुपये का रेल बजट मिलता था, जिसे बढ़ाकर अब 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक कर दिया गया है। राज्य में तीसरी और चौथी रेल लाइन, रेलवे ओवरब्रिज, स्टेशन पुनर्विकास तथा नई रेल परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बिहार के 98 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बिहार में वर्तमान में 14 वंदे भारत ट्रेनें संचालित हैं और आने वाले समय में बुलेट ट्रेन परियोजना भी शुरू होगी। प्रस्तावित नेटवर्क के तहत दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिससे दिल्ली से पटना की यात्रा लगभग साढ़े चार घंटे में पूरी हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया ऐतिहासिक दिन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि छपरा और बिहार के लिए यह ऐतिहासिक अवसर है। नई ट्रेनों के संचालन से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लाखों यात्रियों को राजधानी दिल्ली तक बेहतर, सुरक्षित और किफायती यात्रा सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है तथा 38 में से 36 जिले रेल नेटवर्क से जुड़ चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने छपरा से कटिहार तक तीसरी रेल लाइन निर्माण, बेहतर सड़क संपर्क और जिले में विकसित हो रहे हवाई अड्डों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बिहार में बुलेट ट्रेन परियोजना का स्वागत करते हुए कहा कि इससे राज्य के आर्थिक और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

सांसदों ने जताया आभार:

समारोह को उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार शर्मा, सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और घोसी सांसद राजीव राय ने भी संबोधित किया। सभी जनप्रतिनिधियों ने नई रेल सेवाओं के शुभारंभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, क्षेत्रीय विधायक, विधान परिषद सदस्य तथा रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। नई ट्रेनों के संचालन से बिहार और पूर्वांचल के यात्रियों को दिल्ली तथा अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़े

अमेरिका-ईरान शांति समझौते के बाद पहला एलएनजी टैंकर ‘दिशा’ गुजरात पहुंचा

सबसे बड़ा बांध क्यों बना रहा चीन?

महज 24 घंटे के भीतर बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हत्याकांड का सफल उभेदन, संलिप्त अभियुक्त गिरफ्तार

लकड़ीनवीगंज थाना अंतर्गत हत्याकांड का  03 घंटे के भीतर उदभेदन

Leave a Reply

error: Content is protected !!