तालाब में नहाने गईं दो सहेलियों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम
दादी से ₹10 लेकर निकली थी आंचल, मंदिर के सामने तालाब में हुआ हादसा
श्रीनारद मीडिया, पंकज मिश्रा, अमनौर, सारण (बिहार):

सारण जिला के अमनौर थाना क्षेत्र के कल्याण पंचायत स्थित सिवानपुर गांव में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो किशोरियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों मृतक सहेलियां आठवीं कक्षा की छात्रा थीं और एक साथ रहती-पढ़ती थीं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।
दोनों थी जिगरी सहेली
मृतक आंचल कुमारी, पिता दशरथ प्रसाद, और खुशबू कुमारी, पिता दिनेश प्रसाद, दोनों नरसी भानपुर गांव स्थित शिव मंदिर के सामने वाले तालाब में नहाने गई थीं। आंचल तीन बहन-दो भाई में मंझली थी, जबकि खुशबू दो बहन-तीन भाई में थी। दोनों के पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं। दोनों मिडिल स्कूल नसीबनपुर की आठवीं की छात्रा थीं। गांव में शादी समारोह के कारण दोनों स्कूल नहीं गई थीं।[13][14]
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों की दोस्ती गांव में मिसाल थी। जहां जातीं, साथ जातीं। पढ़ने भी एक साथ बैठती थीं।
दादी से ₹10 लेकर निकली थी आंचल
आंचल की दादी ने बताया कि आंचल ने उनसे ₹10 मांगे और कहा कि दुकान से कुछ खरीदकर खाएगी। लेकिन बच्चों के बहकावे में आकर वह तालाब की तरफ चली गई। उस समय आंचल की बड़ी बहन हंसा तालाब में नहा रही थी। आंचल और खुशबू भी उसके साथ नहाने लगीं। हंसा नहाकर निकल गई, लेकिन दोनों बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
हंसा ने उन्हें बचाने के लिए हाथ बढ़ाया, पर तब तक दोनों पानी में समा गईं। हंसा बाहर निकलकर शोर मचाने लगी। शोर सुनकर सबसे पहले वार्ड सदस्य रवि कुमार दौड़े और तालाब में छलांग लगा दी। उनके पीछे कई ग्रामीण भी बचाव के लिए कूदे। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं।
माता-पिता शादी में गए थे मसरख
घटना के समय दोनों बच्चियों के माता-पिता पड़ोस के एक युवक की शादी में शामिल होने मसरख गए हुए थे। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर पहुंचते ही माता-पिता दहाड़ मारकर रोने लगे। परिजनों के क्रंदन से पूरा गांव गमगीन हो उठा।
दो माह पहले हुई थी तालाब की सफाई
घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। जिस तालाब में हादसा हुआ, वह शिव मंदिर के सामने स्थित है। मंदिर परिसर में दो माह पूर्व यज्ञ हुआ था, तब तालाब की सफाई भी कराई गई थी। घटना के समय मंदिर के आसपास कोई नहीं था।
सूचना पर अमनौर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की तहकीकात में जुट गई। गांव में हजारों की भीड़ जमा हो गई। दोनों बच्चियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें
अमनौर में दिनदहाड़े चाकू की नोक पर लूट, तीन गिरफ्तार
मढ़ौरा-पटना मेमू ट्रेन की मांग तेज, सांसद ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
सोनौली में सरकारी जमीन पर लगे आम के पेड़ काटे जाने का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
राम-जानकी पथ परियोजना: मशरक में भूअर्जन शिविर का डीएम ने किया निरीक्षण
पल्स पोलियो अभियान के तहत 18 हजार बच्चों को पिलाई गई दो बूंद जिंदगी की
सीएचसी में इलाज में लापरवाही, दुर्व्यवहार व छिनतई का आरोप; पीड़िता ने दर्ज कराई प्राथमिकी
पथ निर्माण मंत्री ने किया निर्माणाधीन एनएच-227ए राम-जानकी पथ का निरीक्षण
