पथ निर्माण मंत्री ने किया निर्माणाधीन एनएच-227ए राम-जानकी पथ का निरीक्षण
समय पर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने का दिया निर्देश
श्रीनारद मीडिया, विक्की बाबा, मशरक, सारण (बिहार):

बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम की जन्मस्थली को नेपाल के जनकपुर स्थित माता जानकी की जन्मस्थली से जोड़ने वाले निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-227 ए राम-जानकी पथ का सारण के मशरक तथा सिवान जिले के बनसोही और माघर क्षेत्र में स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने परियोजना का निर्माण कर रही मेघा कंस्ट्रक्शन के कार्यालय में अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजना को पूरा करने की दिशा में विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनहित की इस महत्वपूर्ण परियोजना में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि सिवान से मेहरौना फोरलेन सड़क का निर्माण लगभग 719 करोड़ रुपये तथा सिवान से मशरक फोरलेन सड़क का निर्माण 1,399 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और विकास को नई गति मिलेगी।
समीक्षा के दौरान मंत्री ने भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण अथवा अन्य प्रशासनिक कारणों से निर्माण कार्य प्रभावित नहीं होने देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान कर कार्य में तेजी लाई जाए तथा परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी।
आवश्यक विषयों को उच्च स्तर पर भी उठाया जाएगा। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आम जनता को बेहतर, सुरक्षित और सुगम सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है। विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें
बगौरा के अगस्त दूबे का नवोदय विद्यालय में हुआ नामांकन
आरा महाराजा कॉलेज के पास लूट, सात आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद, एक फरार, तलाश जारी
