500 रुपए के विवाद में लाठी से मारकर की हत्या
दरभंगा में आरोपी गिरफ्तार; CCTV फुटेज की मदद से पुलिस ने पकड़ा
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

दरभंगा के सकतपुर थाना क्षेत्र के उजान काली मंदिर परिसर में 38 साल के युवक की हत्या का मामला मंगलवार को सामने आया था। इसके महज छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या 500 रुपए के लेन-देन के विवाद में की गई थी। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।हालांकि, मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है,ग्रामीण पुलिस अधीक्षक साक्षी कुमारी ने बुधवार को बताया कि 14 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7:35 बजे सूचना मिली कि सकतपुर थाना क्षेत्र के उजान कनकपुर निवासी मनोज कुमार ठाकुर उर्फ लादेन (38) का शव उजान काली मंदिर परिसर में पड़ा है।
सूचना मिलते ही सकतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। साथ ही एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। परिजनों के आवेदन पर दर्ज हुआ हत्या का मामला मृतक के परिजन संतोष कुमार के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज किया गया।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि जांच के दौरान स्थानीय लोगों से पूछताछ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच में पता चला कि 13 जुलाई की रात करीब 10:45 बजे उजान काली मंदिर परिसर में मृतक मनोज ठाकुर और किशुन कामती (50) के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। उस समय मौजूद लोगों ने दोनों का झगड़ा शांत करा दिया था,सीसीटीवी फुटेज में रात 11:51 बजे किशुन कामती हाथ में लकड़ी का डंडा लेकर मंदिर की ओर जाते हुए दिखाई दिया, जबकि रात 12:15 बजे वह खाली हाथ लौटता नजर आया।
इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी किशुन कमती ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसने बताया कि पैसों के विवाद को लेकर उसने मनोज कुमार ठाकुर के सिर पर लाठी से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। दरअसल, मंगलवार सुबह उजान-घनश्यामपुर पीडब्ल्यूडी सड़क किनारे स्थित काली मंदिर में पूजा करने पहुंची महिलाओं ने मंदिर के चबूतरे पर खून से लथपथ शव देखा। सूचना मिलते ही सकतपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
बाद में बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक मनोज कुमार ठाकुर उजान चौक की एक दुकान में काम करता था। स्थानीय लोगों के अनुसार वह शांत स्वभाव का व्यक्ति था। माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। उसकी शादी नहीं हुई थी और उसकी विवाहित बहन उसकी देखभाल के लिए मायके में रहती थी। ग्रामीणों ने बताया कि मनोज अक्सर अपने घर के बजाय काली मंदिर या पास की दुकान के बरामदे में रात बिताता था। जिस स्थान पर उसका शव मिला, वह उसके घर से लगभग एक किलोमीटर दूर है।
यह भी पढ़ें
सीवान जिले में 10 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का शुभारंभ
अंडा देने वाली मछली नहीं खाने से मछली उत्पादकता को मिलेगा बढ़ावा : डॉ प्रेम प्रकाश
