
दरौंदा के बगौरा में राजकीय डिग्री महाविद्यालय में सत्र का शुभारंभ, ग्रामीण छात्रों को मिलेगी उच्च शिक्षा की नई राह
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार)।
सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड के बगौरा पंचायत स्थित मिडिल स्कूल के परिसर में बुधवार को नवस्थापित दारौंदा राजकीय डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरकार की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को नई दिशा मिलेगी। अब क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत होगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मुहम्मद जमालुद्दीन ने बताया कि कॉलेज में अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान एवं अर्थशास्त्र विषयों की पढ़ाई होगी।
नामांकन प्रक्रिया जारी है, अब तक 86 विद्यार्थियों ने नामांकन कराया हैं।
प्रत्येक विषय में 48 सीटें उपलब्ध हैं।
पढ़ाई के लिए 6 कक्षाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
बगौरा पंचायत की मुखिया आशा देवी ने कहा कि महाविद्यालय खुलने से ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा।
विशेष रूप से छात्राओं को अब उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
यह पहल राज्य सरकार की उच्च शिक्षा के विस्तार एवं युवाओं को उनके निकट गुणवत्तापूर्ण स्नातक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इन महाविद्यालयों के संचालन से विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर अध्ययन करने की आवश्यकता कम होगी तथा उच्च शिक्षा के अवसरों का व्यापक विस्तार होगा।
उद्घाटन समारोह में पूर्व जिला मंत्री प्रदीप कुमार रोज, जिला मंत्री उमाशंकर सिंह, प्रखंड अध्यक्ष बबलू सिंह, जिला शिक्षा प्रकोष्ठ संयोजक पवन कुमार यादव, सांसद प्रतिनिधि हितेश कुमार, वृजनन्दन सिंह, ओमप्रकाश चौधरी, मुखिया प्रतिनिधि वीर बहादुर यादव, मानवेन्द्र सिंह, सुदर्शन मिश्र, युगल किशोर सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
