Headlines

सीवान जिले में 10 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का शुभारंभ

सीवान जिले में 10 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का शुभारंभ
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम
श्रीनारद मीडिया, सीवान (बिहार):
 सीवान जिला के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण दिन बुधवार को रहा, जब जिले के 10 प्रखंडों क्रमश: आंदर, हुसैनगंज, बसंतपुर, भगवानपुर हाट, लकड़ी नबीगंज, दरौली, नौतन, गुठनी, सिसवन एवं दरौंदा में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन समारोह उत्साह एवं जन भागीदारी के साथ संपन्न हुआ।
राज्य स्तर पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन गोराडीह, भागलपुर में किया गया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कर कमलो द्वारा राज्य भर के कुल 211 नये डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन कार्यों का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि  विजय कुमार चौधरी, माननीय उप मुख्यमंत्री, बिहार एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय सिंह (टाइगर)   मंत्री, उच्च शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा की गयी। उपरोक्त कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी 10 डिग्री कॉलेजों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, छात्रों, अभिभावकों एवं आम जनता के समक्ष किया गया।
सिवान जिला अंतर्गत 10 डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र शुभारम्भ कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य कार्यक्रम स्थल डिग्री कॉलेज हुसैनगंज में श्रीमती संगीता देवी, अध्यक्ष, जिला परिषद् सिवान के गरिमामय उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, सिवान, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिवान, विशेष कार्य पदाधिकारी, सिवान, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, माध्यमिक/उच्च शिक्षा, प्राचार्य, डिग्री कॉलेज हुसैनगंज, प्रखण्ड स्तरीय पाधिकारियों की उपस्थिति में सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। साथ ही अन्य सभी 09 प्रखण्डों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति एवं जिला / प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न किया गया।
यह पहल राज्य सरकार की उच्च शिक्षा के विस्तार एवं युवाओं को उनके निकट गुणवत्तापूर्ण स्नातक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इन महाविद्यालयों के संचालन से विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर अध्ययन करने की आवश्यकता कम होगी तथा उच्च शिक्षा के अवसरों का व्यापक विस्तार होगा।
उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी वक्ताओं ने इन संस्थानों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार, कौशल विकास तथा रोजगारोन्मुखी शिक्षण के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित करने का संकल्प व्यक्त किया।
जिला प्रशासन ने इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों का सफल आयोजन एवं सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया तथा विश्वास जताया कि ये नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय सिवान जिले को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

यह भी पढ़ें

Leave a Reply

error: Content is protected !!