Headlines

भारत ने जिम्बाब्वे को 35 रन से हराकर सीरीज पर किया कब्जा

भारत ने जिम्बाब्वे को 35 रन से हराकर सीरीज पर किया कब्जा

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 35 रन से हराकर तीन मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 192 रन बनाए और जिम्बाब्वे के सामने 193 रन का लक्ष्य रखा. जवाब में मेजबान टीम 20 ओवर में 157 रन ही बना सकी.

वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी

भारत की शुरुआत तेज़ रही, जहां वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने पहले ओवर में ही 17 रन बटोर लिए. हालांकि अभिषेक शर्मा जल्दी आउट हो गए, लेकिन वैभव ने पारी संभालते हुए शानदार बल्लेबाज़ी की. उन्होंने महज 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 81 रन की शानदार पारी खेली. श्रेयस अय्यर के साथ उनकी तेज़ अर्धशतकीय साझेदारी ने भारत कीको मजबूत स्थिति में पहुंचाया. मध्य ओवरों में ईशान किशन 29 रन बनाकर आउट हुए, जबकि श्रेयस अय्यर ने 27 रन का योगदान दिया. अंत में रिंकू सिंह ने तेज 25 रन बनाकर भारत का स्कोर 192/5 तक पहुंचाया.

भारतीय गेंदबाज़ों का दबदबा

193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही. पहली ही गेंद पर मयंक यादव ने ब्रायन बेनेट को पवेलियन भेज दिया. इसके बाद यश ठाकुर ने डियोन मायर्स (19 रन) को आउट किया और कप्तान सिकंदर रज़ा को भी पहली ही गेंद पर चलता किया. पावरप्ले के बाद ज़िम्बाब्वे का स्कोर 53/3 था और 8 ओवर के बाद टीम 67/4 पर पहुंच गई.

मधीवेरे और रयान बर्ल ने की कोशिश

मध्य ओवरों में वेस्ली मधीवेरे और रयान बर्ल ने 50 रनों की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की. रयान बर्ल ने शानदार अर्धशतक जमाया, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे. 18वें ओवर में आशोक शर्मा ने तादीवानाशे मारुमानी को बोल्ड कर जिम्बाब्वे की आखिरी उम्मीद भी खत्म कर दी. आखिरकार पूरी टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 157 रन ही बना सकी और भारत ने मुकाबला 35 रन से अपने नाम कर लिया.

मयंक-यश की जोड़ी ने झटके 4 विकेट

भारतीय गेंदबाज़ों ने पूरे मैच में शानदार प्रदर्शन किया. मयंक यादव और यश ठाकुर ने 2-2 विकेट लेकर जिम्बाब्वे की बल्लेबाज़ी की कमर तोड़ दी. वहीं रवि बिश्नोई ने किफायती गेंदबाज़ी करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट हासिल किया. आशोक शर्मा को भी 1 सफलता मिली. भारतीय गेंदबाज़ों ने लगातार दबाव बनाकर जिम्बाब्वे को लक्ष्य के करीब नहीं आने दिया.

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पहली टी20 सीरीज़ जीत

इस जीत के साथ श्रेयस अय्यर ने बतौर कप्तान अपनी पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज जीत दर्ज की. वहीं 81 रन की मैच जिताऊ पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. भारत ने बल्लेबाजी, गेंदबाज़ी और फील्डिंग तीनों विभागों में दमदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे का 3-0 से सूपड़ा साफ कर दिया.

15 साल की उम्र में ज्यादातर बच्चे स्कूल और अकादमी के बीच अपना भविष्य तलाशते हैं, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने इस उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बना ली है. भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीसरे टी20 मुकाबले में युवा सलामी बल्लेबाज ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें उम्र से नहीं, उनके खेल से पहचाना जाना चाहिए.

आत्मविश्वास और बेखौफ अंदाज से की बैटिंग

ज़िम्बाब्वे सीरीज के पहले टी20 में अर्धशतक जड़कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर दमदार आगाज करने वाले वैभव दूसरे मुकाबले में बड़ी पारी नहीं खेल सके. हालांकि, तीसरे टी20 में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 49 गेंदों में 81 रन की विस्फोटक पारी खेली. अपनी इस यादगार पारी में उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के लगाए. वह अपने पहले अंतरराष्ट्रीय शतक से सिर्फ 19 रन दूर रह गए, लेकिन जिस आत्मविश्वास और बेखौफ अंदाज में उन्होंने बल्लेबाजी की, उसने सभी को प्रभावित किया.

बड़े-बड़े छक्के लगाने का भी दम

वैभव सिर्फ चौकों पर भरोसा नहीं करते, बल्कि दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों के खिलाफ बड़े-बड़े छक्के लगाने का भी दम रखते हैं. आईपीएल 2026 में उन्होंने पहली ही गेंद से छक्के लगाकर अपनी पहचान बनाई थी और अब वही निडर अंदाज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी दिखाई दे रहा है.

जड़ा 102 मीटर लंबा सिक्स

जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी20 में वैभव ने कई दर्शनीय शॉट खेले. 12.3वें ओवर में सिकंदर रजा की गेंद पर उन्होंने सीधा 102 मीटर लंबा छक्का जड़ दिया. वहीं 3.3वें ओवर में ब्लेसिंग मुजारबानी की गेंद को पुल करते हुए स्टेडियम के बाहर पार्किंग एरिया तक पहुंचा दिया. इन शॉट्स ने उनकी ताकत और टाइमिंग का शानदार नमूना पेश किया.

कुशल मल्ला का तोड़ा रिकॉर्ड

इस पारी के साथ वैभव ने इतिहास भी रच दिया. वह 16 साल की उम्र से पहले पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने नेपाल के कुशल मल्ला का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने इस उम्र में सिर्फ एक अर्धशतक लगाया था. वैभव अब 15 साल की उम्र में दो टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के पहले और इकलौते क्रिकेटर बन चुके हैं. वहीं वे इंटरनेशनल क्रिकेट में POTM अवॉर्ड जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं.

भारत को मिला नया सुपरस्टार

क्रिकेट के सैकड़ों साल के इतिहास में इतनी कम उम्र में ऐसा कारनामा किसी भी बल्लेबाज ने नहीं किया था. वैभव सूर्यवंशी का बल्ला जिस तरह बोल रहा है, उसने साफ कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य का नहीं, बल्कि वर्तमान का एक नया सुपरस्टार मिल चुका है.

Leave a Reply

error: Content is protected !!