जनता दरबार में प्रशासन की सक्रियता, अधिकांश मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार )।
सीवान जिले के दरौंदा अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। जनता दरबार में अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण एवं दरौंदा थाना के अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों के शीघ्र निष्पादन का प्रयास किया।
जनता दरबार में मुख्य रूप से जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन तथा अन्य राजस्व संबंधी मामलों की सुनवाई की गई। अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने प्रत्येक फरियादी की शिकायत ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित कर्मियों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, दरौंदा थाना के अधिकारियों ने आपसी विवाद एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनकर समाधान कराने का प्रयास किया।
प्रशासन की सक्रियता से जनता दरबार में प्राप्त कुल 17 मामलों में से 13 का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। शेष चार मामलों में आवश्यक जांच, दस्तावेजों के सत्यापन एवं अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि छोटे-छोटे विवादों को आपसी समझदारी एवं प्रशासनिक सहयोग से सुलझाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में लेने से बचें। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य लोगों को न्याय के लिए कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत दिलाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है।
दरौंदा अंचल कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया।
