कुरसेला में भारत गैस एजेंसी की मनमानी जारी
__गोदाम से लेकर होम डिलीवरी तक उपभोक्ताओं से हो रही अवैध वसूली, जांच के बाद भी नहीं रुका खेल
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:
कुरसेला में भारत गैस एजेंसी द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर वितरण में निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस एजेंसी द्वारा गोदाम पर निर्धारित 974 रुपये की जगह 1010 रुपये तथा होम डिलीवरी में निर्धारित 1010 रुपये के बदले 1050 रुपये तक खुलेआम वसूले जा रहे हैं। इसे लेकर उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है और उन्होंने जिला प्रशासन से जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।बताया जा रहा है कि एक ओर संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रिपोर्ट आगे भेजने की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गैस एजेंसी द्वारा अतिरिक्त राशि की वसूली लगातार जारी है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि होम डिलीवरी के नाम पर प्रति सिलेंडर 40 से 50 रुपये अतिरिक्त लिए जा रहे हैं। वहीं गोदाम से सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को भी 1010 रुपये की पर्ची काटी जा रही है।बता दे कि बीते 16 मार्च को खाद आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा गैस एजेंसी कार्यालय की जांच की गई थी। जांच के दौरान अधिक राशि नहीं लेने की सख्त हिदायत दी गई थी।
उस समय गोदाम पर निर्धारित 974 रुपये की जगह 1010 रुपये की पर्ची काटे जाने पर गैस संचालक को फटकार लगाते हुए भविष्य में निर्धारित दर से अधिक राशि लेने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।इसके बावजूद मामला शांत होते ही एजेंसी द्वारा कुरसेला बाजार सहित ग्रामीण क्षेत्रों में फिर से गैस गोदाम और होम डिलीवरी के दौरान उपभोक्ताओं से अधिक राशि वसूलने का सिलसिला शुरू कर दिया गया है।उपभोक्ता संजीव कुमार ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद जब गैस सिलेंडर घर पहुंचाया गया तो उनसे अतिरिक्त राशि ली गई।
दूसरी बार होम डिलीवरी की मांग करने पर मना कर दिया गया। इसके बाद उन्हें गैस कार्यालय बुलाकर 1010 रुपये की पर्ची कटवाई गई और गोदाम से सिलेंडर लेने को कहा गया।वहीं मिल्की निवासी बैचन मंडल ने आरोप लगाया कि बल्थी महेशपुर ग्रामीण सड़क क्षेत्र में होम डिलीवरी के दौरान उनसे 1050 रुपये वसूले गए।इस मामले पर खाद आपूर्ति पदाधिकारी किंचित कुमार ने बताया कि होम डिलीवरी और गोदाम पर अधिक राशि लेने से संबंधित प्रकाशित खबर एवं वीडियो की जांच कर रिपोर्ट अनुमंडल पदाधिकारी को कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।
यह भी पढ़े
सुपौल में लूटकांड मामले के 3 अपराधी गिरफ्तार:घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद
हथियार और ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
सहरसा में मिड-डे मील खाने के बाद 250 से ज्यादा बच्चे बीमार, खाने में सांप मिलने का आरोप
शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल की राजनीति को द्विध्रुवीय बना दिया,कैसे?
