ममता मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित, विधायक ने किया रक्तदान
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार )।
सीवान जिला के दरौंदा प्रखंड अंतर्गत चिंतामनपुर स्थित ममता मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में शुक्रवार को भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों ने भाग लेकर रक्तदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के चेयरमैन डॉ. कौशल कुमार गिरि एवं दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान विधायक ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और इससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है।
विधायक व्यास सिंह ने कहा कि समाज के हर स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आगे आकर मानवता की सेवा में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्घटना, बीमारी अथवा आपात स्थिति में रक्त की आवश्यकता किसी को भी पड़ सकती है, ऐसे में रक्तदान के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है।
कॉलेज के डायरेक्टर कौशल गिरी ने कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे किसी प्रकार की कमजोरी नहीं होती। उन्होंने बताया कि एक यूनिट रक्त कई लोगों के जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य से जुड़ सकें।
शिविर के दौरान चिकित्सकों की टीम द्वारा रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं। रक्तदान करने वाले लोगों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।