निष्ठा, समर्पण और सेवा की मिसाल रहीं डॉ. प्रभा कुमारी, भावभीनी विदाई के साथ हुआ सम्मान
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार )।
सीवन जिला के दारौंदा प्रखण्ड कार्यालय के सभागार में शनिवार को प्रखंड महिला प्रसार पदाधिकारी डॉ. प्रभा कुमारी के सेवानिवृत्त होने पर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रखंड के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा गणमान्य लोगों ने उनके लंबे, सफल एवं अनुकरणीय सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का माहौल भावुकता और सम्मान से परिपूर्ण रहा।
समारोह की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी बीडीओ सिम्पी कुमारी ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डॉ. प्रभा कुमारी ने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण का परिचय दिया। उन्हें जो भी दायित्व सौंपे गए, उनका उन्होंने पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि डॉ. प्रभा कुमारी का अनुभव, कार्यकुशलता और सकारात्मक सोच विभाग के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगी। उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

अंचलाधिकारी (सीओ) वेद प्रकाश नारायण ने कहा कि किसी भी सरकारी कर्मी की वास्तविक पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके कार्यों और जनता के प्रति समर्पण से होती है। उन्होंने कहा कि एक सरकारी सेवक की सबसे बड़ी पूंजी उसकी ईमानदार छवि और समाज के प्रति की गई सेवा होती है। डॉ. प्रभा कुमारी ने अपने कार्यों से यह साबित किया है कि समर्पित सेवा ही व्यक्ति को सम्मान दिलाती है।
इस अवसर पर उपप्रमुख हरेश यादव, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सौरभ सुमन, थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी रामबीर सिंह यादव, सुधांशु कुमार, अशोक सिंह, विवेक श्रीवास्तव, रामप्रकाश पांडेय तथा मनोज कुमार सहित कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने डॉ. प्रभा कुमारी के प्रशासनिक अनुभव, सरल स्वभाव और सहयोगी कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक हरिचरण यादव एवं प्रखंड नाजिर बिस्मिल्लाह अंसारी ने संयुक्त रूप से किया। समारोह के दौरान कई वक्ताओं ने उनके साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा कीं, जिससे वातावरण भावुक हो गया। अंत में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों ने डॉ. प्रभा कुमारी को भावभीनी विदाई देते हुए उनके जीवन के नए अध्याय के लिए शुभकामनाएं दीं।
सम्मान और आत्मीयता से भरा यह विदाई समारोह डॉ. प्रभा कुमारी की उत्कृष्ट सेवाओं के प्रति कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक बन गया।
