Headlines

प्रदर्शनी लगा पांडुलिपियों को साझा करने के लिए किया गया प्रेरित

प्रदर्शनी लगा पांडुलिपियों को साझा करने के लिए किया गया प्रेरित

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

डी एम, सिवान के निर्देश पर धनौती के कबीर मुनीश्वर बालक हाई स्कूल के प्रांगण में रसमंजरी फाउंडेशन और जिला प्रशासन सिवान के संयुक्त तत्वावधान में ज्ञान भारतम अभियान के तहत जागरूकता कैंप का हुआ आयोजन

 

सीवान सदर प्रखंड का धनौती गांव कबीर पंथ से जुड़े ऐतिहासिक आख्यानों के लिए प्रसिद्ध रहा है। जिला पदाधिकारी सिवान श्री विवेक रंजन मैत्रेय के निर्देश पर गुरुवार को यहां के कबीर मुनीश्वर बालक हाई स्कूल के प्रांगण में ज्ञान भारतम मिशन के तहत एक ग्रामीण जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। इसमें ऐतिहासिक पांडुलिपियों की जानकारी साझा करने के लिए आम लोगों को प्रेरित किया गया। धनौती के कुछ ग्रामीणों के पास से पूर्व में ऐतिहासिक पांडुलिपियां मिल चुकी हैं। इस शिविर का आयोजन रसमंजरी फाउंडेशन द्वारा जिला प्रशासन सिवान और अन्य कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से किया गया।

अपने संदेश में सीवान के जिलाधिकारी श्री विवेक रंजन मैत्रेय ने बताया कि ज्ञान भारतम मिशन के अंतर्गत देशभर में उपलब्ध भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित पांडुलिपियों का वैज्ञानिक संरक्षण, डिजिटलीकरण और अभिलेखीकरण किया जा रहा है,ताकि यह अमूल्य धरोहर शोधार्थियों,विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को सुलभ हो सके।

इस दौरान आयोजित एक मेधा सम्मान शिविर में आम जन और युवाओं को संबोधित करते हुए जिला पंचायत पदाधिकारी श्री बालेंदु नारायण पांडेय ने कहा कि सभी लोग अपने घरों में पुराने दस्तावेजों को ढूंढे और कोई 75 साल से पुरानी कोई पांडुलिपि मिले तो जरूर उसे साझा करें।

इस अवसर पर पांडुलिपियों के बैनर लगाए गए थे ताकि आम जनता पांडुलिपियों को पहचान सके। इस कैंप के आयोजन के लिए जिला पदाधिकारी सिवान श्री विवेक रंजन मैत्रेय के साथ डीडीसी सिवान मुकेश कुमार, डीईओ सिवान राघवेंद्र प्रताप सिंह, कला और संस्कृति पदाधिकारी शालू कुमारी, स्थापना उपसमाहर्ता जूली कुमारी, डीपीआरओ कन्हैया कुमार,

सीवान सदर बीडीओ नीतू प्रियदर्शिनी का मार्गदर्शन मिला।जागरूकता के प्रसार के संदर्भ में इस प्रदर्शनी के आयोजन में रसमंजरी फाउंडेशन और जिला प्रशासन के साथ जिला दूरसंचार समिति सदस्य गणेश दत्त पाठक, केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक चंदन श्रीवास्तव, सामाजिक कार्यकर्ता विनय चौहान की भूमिका महत्वपूर्ण रही। बाद में गांव में पांडुलिपियों की खोज भी की गई।

Leave a Reply

error: Content is protected !!