‘पुलिस दीदी’ (अभया ब्रिगेड) को अब स्कूटी और बाइक दी जाएंगी
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

बिहार में स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर नई सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली कैबिनेट ने ‘पुलिस दीदी’ यानी अभया ब्रिगेड को और मजबूत करने का फैसला लिया है. नई कैबिनेट बैठक में तय किया गया कि महिला पुलिसकर्मियों को अब स्कूटी और बाइक दी जाएगी. इसका मकसद यह है कि वे स्कूल, कॉलेज और कोचिंग के आसपास आसानी से गश्त कर सकें और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें.
1500 स्कूटी और 3200 बाइक की मंजूरी
सरकार ने इस योजना के लिए कुल 66.75 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है. इसके तहत 1500 महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी दी जाएगी, जबकि 3200 पुलिसकर्मियों को मोटरसाइकिल दी जाएगी. इस फैसले से महिला पुलिस की पहुंच और तेजी दोनों बढ़ेगी, जिससे वे तुरंत किसी भी घटना पर कार्रवाई कर सकेंगी.
पहले से चल रही है ‘पुलिस दीदी’ योजना
पिछले साल ही बिहार में नीतीश कुमार सरकार ने छात्राओं की सुरक्षा के लिए अभया ब्रिगेड की शुरुआत की थी. इस ब्रिगेड में महिला पुलिसकर्मियों को ‘पुलिस दीदी’ कहा जाता है. इनकी तैनाती राज्य के सभी बड़े शहरों, कस्बों, स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों के आसपास की गई है, ताकि छात्राओं को सुरक्षित माहौल मिल सके.
अब और मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था
सरकार का मानना है कि स्कूटी और बाइक मिलने के बाद पुलिस दीदी ज्यादा तेजी से इलाके में पहुंच सकेंगी. इससे मनचलों और असामाजिक तत्वों पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी. सरकार ने स्कूटी की कीमत करीब 1,25,000 रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 1,50,000 रुपये तय की है. इसी आधार पर पूरे प्रोजेक्ट का बजट तैयार किया गया है.
महिलाओं की सुरक्षा पर खास फोकस
इस फैसले के बाद सरकार का दावा है कि स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं को अब और सुरक्षित माहौल मिलेगा. यह कदम महिला सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है.
