Headlines

गयाजी- ई-रिक्शा ड्राइवर के खाते में 759 करोड़

गयाजी- ई-रिक्शा ड्राइवर के खाते में 759 करोड़

वृद्धा पेंशन के ₹1100 निकालने गया था, बैलेंस देख होश उड़े

लोग बोले- आप तो अरबपति बन गए

श्रीनारद मीडिया, सेंट्रल डेस्‍क:

गयाजी में एक ई-रिक्शा चालक अचानक अरबपति बन गया। ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) से सिर्फ ग्यारह सौ रुपए निकालने गए ई-रिक्शा चालक शिव कुमार के होश तब उड़ गए, जब उन्होंने अपने खाते में 759 करोड़ रुपए देखे।

जब उन्होंने फिर से अपना बैलेंस चेक किया तो उनके खाते में ₹7,59,69,51,951.16 दिखाई दे रहे थे। शिव कुमार ने कहा, “मैंने जिंदगी में कभी इतना बड़ा अमाउंट नहीं देखा। इतनी बड़ी रकम देखकर मैं घबरा गया।”

कुछ ही देर में यह बात पूरे मोहल्ले में फैल गई। स्थानीय लोग मजाक उड़ाते हुए कहने लगे- शिव कुमार तो रातोंरात अरबपति बन गया। कोई इसे बैंक की बड़ी गलती बता रहा है, तो कोई तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जता रहा है।

मामला डेल्हा थाना क्षेत्र के बागेश्वरी मोहल्ले का है। शिव कुमार पटेल साधारण परिवार से आते हैं। वे ई-रिक्शा चलाते हैं। साथ ही उन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत वृद्धा पेंशन की राशि भी मिलती है।

शनिवार को शिव कुमार पटेल अपनी पेंशन की राशि निकालने बागेश्वरी स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के CSP केंद्र पहुंचे थे। उन्होंने आधार आधारित बैंकिंग सेवा के जरिए अपने खाते से एक हजार रुपए निकाले।

निकासी के बाद उनके मोबाइल पर बैंक का मैसेज आया। CSP संचालक ने जब उपलब्ध बैलेंस पर नजर डाली, तो वह भी हैरान रह गया। मैसेज में खाते में ₹7,59,69,51,951.16 की उपलब्ध राशि दिखाई दे रही थी।

शिव कुमार ने बताया, “मैं शनिवार को वृद्धावस्था पेंशन के 1,100 रुपए निकालने गया था। खाते में इतनी बड़ी रकम देखकर मैं घबरा गया। मुझे समझ में नहीं आया कि आखिर मेरे खाते में यह राशि कहां से आई।

मैंने पड़ोस के एक व्यक्ति की मदद से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की स्टेशन रोड शाखा के मैनेजर से फोन पर संपर्क किया और पूरी जानकारी दी।

मुझे डर लगने लगा कि खाते में इतनी बड़ी रकम आने के कारण कहीं मेरे साथ कोई अनहोनी न हो जाए। मैंने जिंदगी भर ई-रिक्शा चलाया है। मेरे खाते में हमेशा सिर्फ पेंशन के 1,100 रुपए ही रहते थे।”

शिव पटेल के अनुसार, बैंक मैनेजर ने उन्हें फिलहाल किसी भी तरह का लेनदेन नहीं करने की सलाह दी है। साथ ही मोबाइल फोन या बैंकिंग ऐप से किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करने को भी कहा है।

मैनेजर ने बताया कि दूसरे शनिवार और रविवार के कारण बैंक बंद रहेगा। ऐसे में सोमवार को शाखा पहुंचकर पूरे मामले की जांच की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि खाते में दिख रही राशि किसी वास्तविक ट्रांजैक्शन का परिणाम है या बैंकिंग सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी।

यह भी पढ़ें

जनता दरबार का आयोजन कर जमीनी विवादों का निपटारा

जिला उद्योग केंद्र में रोजगार सृजन को लेकर हुई बैठक 

यूपी की खबरें :  गोरखपुर से एक दिन में 35 करोड़ रिकॉर्ड पौधरोपण के लक्ष्य वाले प्रदेशव्यापी पौधरोपण महायज्ञ 2026 का शुभारंभ

Leave a Reply

error: Content is protected !!