Headlines

चिंतामनपुर में सात दिवसीय श्री मारुति नंदन महायज्ञ की भव्य शुरुआत, कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

चिंतामनपुर में सात दिवसीय श्री मारुति नंदन महायज्ञ की भव्य शुरुआत, कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार )।

सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड अंतर्गत कोडारी कला पंचायत के चिंतामनपुर गांव स्थित हनुमान मंदिर परिसर से शुक्रवार को सात दिवसीय श्री मारुति नंदन महायज्ञ के शुभारंभ के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। आचार्य आशीष गिरि के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में हजारों की संख्या में कन्याओं एवं महिलाओं ने भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कलश यात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर लीला साह के पोखरा होते हुए कोडारी कला और दरौंदा के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई रामजानकी मंदिर के समीप स्थित सरोवर तक पहुंची। यहां आचार्य अमित मिश्रा, सुमित तिवारी एवं नीरज पांडेय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जलाशय का विधिवत पूजन कराया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने कलश में जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल की ओर प्रस्थान किया।
यात्रा के दौरान हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ा दिया। श्रद्धालु अपने हाथों में झंडे लिए “जय हनुमान”, “जय बजरंग बली” और “जय श्रीराम” के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।
आयोजन समिति के सदस्य हरेंद्र गिरि, संतोष गिरि, विवेक गिरि, कमलेश यादव, केवल पंडित, प्रदीप पंडित, रेणुकेश्वर प्रसाद उर्फ बुटन, राजेश यादव, शिवनाथ यादव, रामप्रवेश यादव एवं सुनील प्रसाद ने बताया कि (27 मार्च से 2 अप्रैल) सात दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, रात्रि में प्रवचनकर्ताओं द्वारा कथा-प्रवचन भी किया जाएगा।
महायज्ञ में आसपास के कई गांवों जैसे बलुही, कामसड़ा, कोडारी कला, दरौंदा, दवन छपरा, रामा छपरा, कोडारी खुर्द एवं सिरसाव मठिया से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। यज्ञ स्थल पर मेले जैसा दृश्य देखने को मिल रहा है, जिससे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!