जनता दरबार में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं, कई मामलों का ऑन द स्पॉट हुआ निपटारा
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार )।
सीवन जिला के दारौंदा प्रखंड अंचल परिसर में शनिवार को आयोजित जनता lदरबार में आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने की दिशा में पहल की गई। जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी-अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे। अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों के साथ कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया।
जनता दरबार के दौरान भूमि विवाद, सामाजिक एवं पारिवारिक मामलों, महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतों की सुनवाई की गई। कई मामलों में तत्काल निर्णय लेकर फरियादियों को राहत प्रदान की गई, जबकि जटिल मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित कर्मियों एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान बिना किसी अनावश्यक देरी के हो। इसी उद्देश्य से नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है, ताकि लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर न्याय मिल सके।
जनता दरबार में पहुंचे फरियादियों ने भी इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि प्रशासन ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा कई मामलों का तत्काल समाधान होने से उन्हें काफी राहत मिली।
दारौंदा अंचल परिसर में आयोजित यह जनता दरबार लोगों के लिए राहत और भरोसे का केंद्र बनता नजर आया, जहां प्रशासन ने संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया।
