कलश यात्रा के साथ हनुमान प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ प्रारंभ
श्रीनारद मीडिया, एम सावर्ण , भगवानपुर हाट, सीवान (बिहार):

सीवान जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड क्षेत्र के माघर बाईस कट्ठा स्थित रूप पांडे बाबा के स्थान पर आयोजित पांच दिवसीय हनुमान प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ मंगलवार को कलश यात्रा के साथ हुआ । कलश यात्रा में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भाग लिया ।
सुबह वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यज्ञ स्थल से यात्रा प्रारंभ की । कलश यात्रा निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए पुनः यज्ञ मंडप पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ यज्ञ की अन्य प्रक्रियाएं संपन्न कराई गईं ।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे जय श्रीराम और जय हनुमान के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा । भक्ति गीतों और धार्मिक उत्साह के बीच श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बन रही थी ।
स्थानीय मुखिया मनमोहन मिश्र एवं जिला पार्षद बबिता देवी ने बताया कि पांच दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में महाबली हनुमान जी का प्राण प्रतिष्ठा के साथ-साथ यज्ञ, हवन, प्रवचन एवं भजन-कीर्तन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा । आयोजन को लेकर क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है । कलश यात्रा में यजमान भोला महतो , आचार्य गोलू बाबा , मोमेंद्र राय बीरेंद्र प्रसाद मिश्र आदि शामिल थे ।
