नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया
नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

बिहार में NDA के विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार को नेता चुन लिया गया है. सम्राट चौधरी ने विधायक दल के नेता के तौर पर नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वम्मति से मंजूर कर लिया गया. नीतीश कुमार ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया. सुबह 11.30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा, जहां वह 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे.
नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री मोहन यादव, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा शिरकत करेंगे.
नीतीश कुमार 20 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में शपथ लेंगे. वह 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. दिल्ली से पटना पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए गांधी मैदान पहुंचेंगे. वह पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक का सफर हेलीकॉप्टर के जरिए तय करेंगे.
गांधी मैदान में हेलीपैड का निर्माण कराया गया है. शपथ ग्रहण समारोह में आने वाले भीड़ की सुविधा का ख्याल रखते हुए प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर के जरिए गांधी मैदान पहुंचेंगे. बड़ी संख्या में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से महिलाओं के आने की संभावना है. अगर प्रधानमंत्री मोदी पटना एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से गांधी मैदान जाते तो ट्रैफिक को बाधित करना पड़ता इसलिए हेलीकॉप्टर के जरिए गांधी मैदान पहुंचने का शेड्यूल बनाया गया है.
वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता व सीवान सदर के विधायक मंगल पांडेय ने नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व व मार्गदर्शन में प्रदेश का समावेशी विकास हुआ है। उनके नेतृत्व में विकास व सुशासन का राज स्थापित हुआ है।
