Headlines

महाशिवरात्रि को लेकर शिवाला उमानाथ मंदिर में तैयारी जोरो पर

 

महाशिवरात्रि को लेकर शिवाला उमानाथ मंदिर में तैयारी जोरो पर

श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवान, (बिहार)।

सीवान जिला के दारौंदा प्रखंड अंतर्गत बगौरा गाँव में स्थित शिवाला बाबा उमानाथ मंदिर में 15 फरवरी रविवार को फाल्गुन मास की पावन शिवरात्रि के अवसर पर शिव-पार्वती विवाहोत्सव बड़े ही धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में मनाया जाएगा। इसको लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। आयोजन समिति एवं ग्रामीण श्रद्धालु मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
मंदिर परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं आकर्षक विद्युत सज्जा का कार्य तेजी से किया जा रहा है। विवाहोत्सव के अवसर पर मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से भव्य रूप से सजाया जाएगा। शिव-पार्वती विवाह की झांकी निकाली जाएगी, जिसमें भगवान शिव की बारात पारंपरिक वेशभूषा और बाजे-गाजे के साथ निकलेगी। ग्रामीण महिलाओं द्वारा मंगलगीत एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो उठेगा।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि शिवरात्रि की रात विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक तथा रात्रि जागरण का कार्यक्रम रखा गया है। दूर-दराज के गांवों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रसाद वितरण एवं सुरक्षा व्यवस्था की विशेष तैयारी की गई है।
ग्रामीणों में इस आयोजन को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। युवा वर्ग से लेकर बुजुर्ग तक सभी अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
फाल्गुन मास की इस पावन बेला में बगौरा स्थित शिवाला बाबा उमानाथ मंदिर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का केंद्र बनेगा, जहां भक्तगण भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह के साक्षी बन पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!