Headlines

थर्ड जेंडर को समाज की मुख्य धारा से जुड़ने के लिए प्रेरणा संवाद

थर्ड जेंडर को समाज की मुख्य धारा से जुड़ने के लिए प्रेरणा संवाद

बाल संरक्षण इकाई, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कृष्णा फाउंडेशन के तत्वावधान में थर्ड जेंडर की चुनौतियों और समाधान विषय पर हुआ गंभीर विचार मंथन

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

ईश्वर प्रदत्त प्रकृति में एक जीवन जन्म लेता है, हो सकता है वो पुरुष नहीं हो, हो सकता है वह महिला भी न हो, संभव है वह थर्ड जेंडर हो। इसके बाद शुरू होती है उसके मानव जीवन की दुश्वारियां। वह ऐसा परिणाम झेलता है, जिसमें उसका कोई गुनाह नहीं। उसके जीवन की कहानी में सिर्फ भेदभाव, परिवार से बहिष्कार, कलंक, छुआछूत, कानूनी पहचान की दिक्कत, शिक्षा और रोजगार की समस्याएं, स्वास्थ्य सेवा उपलब्धता की चुनौतियां, लोन आदि नहीं मिलने की आर्थिक चुनौतियां जैसी परेशानियों से उसे दो चार होना पड़ता है।

वह मानवीय समाज में एक नारकीय जीवन जीता है जबकि स्वयं वह एक मानव है। ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 उसका सशक्त रक्षोपाय है लेकिन थर्ड जेंडर समुदाय के पास जागरूकता की कमी है, अपने अधिकारों की प्राप्ति के लिए वह साहस नहीं दिखाता। उसे सदैव अपनी सुरक्षा का डर सताता है। उसे यह विश्वास नहीं हो रहा है कि समाज की मुख्य धारा से जुड़ने के लिए उसे प्रशासन से सहयोग और सहायता भी मिल सकता है।

इसी को ध्यान में रखते हुए शनिवार को मालवीय नगर में बाल संरक्षण इकाई, सिवान, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिवान और कृष्णा फाउंडेशन द्वारा सितारा अभियान के तहत थर्ड जेंडर के साथ एक प्रेरणा संवाद सत्र का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता जिला बाल संरक्षण इकाई, सिवान के सहायक निदेशक श्री राजकुमार ने की।

कार्यक्रम में जिला नियोजन पदाधिकारी श्री सुमित कुमार सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि वरीय अधिवक्ता बलवंत कुमार, जिला दूरसंचार समिति सदस्य गणेश दत्त पाठक, बाल संरक्षण इकाई समिति सिवान के सदस्य प्रोफ़ेसर असरार अहमद, डॉक्टर गायत्री शेखर, अजय कुमार, प्रिया भारद्वाज ने भी प्रेरणा संवाद सत्र में बतौर अतिथि अपनी बातें रखी। संचालन कृष्णा फाउंडेशन के भोला कुमार ने किया।

थर्ड जेंडर के साथ प्रेरणा संवाद सत्र का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। फिर आगत अतिथियों का पौधा देकर स्वागत किया किया गया। प्रेरणा संवाद सत्र में थर्ड जेंडर समुदाय के सदस्यों ने अपनी समस्याओं, चुनौतियों और व्यथाओं को रखा। इस समुदाय की दिल्ली विश्वविद्यालय से एल एल बी शिक्षा प्राप्त एक सदस्य ने शिक्षा और पहचान संबंधी चुनौतियों पर सवाल भी उठाए।

प्रेरणा संवाद सत्र में विषय प्रवेश कराते हुए वरीय अधिवक्ता बलवंत कुमार ने थर्ड जेंडर समुदाय के लिए विधिक रक्षोपायों पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सितारा अभियान एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय को पहचान पत्र, कानूनी सहायता, शिक्षा, और सामाजिक-आर्थिक पुनर्वास प्रदान करके मुख्यधारा से जोड़ना है।

यह योजना, जिसे 2023 में शुरू किया गया था, ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 के तहत उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार सुनिश्चित करती है। साथ ही बताया कि थर्ड जेंडर समुदाय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क विधिक सेवा प्राप्त कर सकते हैं।

जिला दूरसंचार समिति सदस्य गणेश दत्त पाठक ने कहा कि समावेशी विकास के संदर्भ में थर्ड जेंडर समुदाय को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि अपने अधिकारों के प्रति वे जागरूक बनें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि शबनम मौसी जैसे थर्ड जेंडर समुदाय के कई लोगों ने समाज में प्रतिष्ठित मुकाम को हासिल किया है।

जागरूकता सदैव सशक्त बनाती है। संवाद सत्र में प्रोफेसर असरार अहमद ने कहा कि समाज में अपनी सशक्त उपस्थिति के लिए थर्ड जेंडर समुदाय को साहस दिखाना चाहिए। जिला बाल संरक्षण इकाई सदस्य अजय कुमार, प्रिया भारद्वाज और डॉक्टर गायत्री शेखर ने भी थर्ड जेंडर को अपनी समस्याओं के प्रति संजीदा होने का आह्वान किया।

प्रेरणा संवाद सत्र को संबोधित करते हुए जिला नियोजन पदाधिकारी श्री सुमित कुमार सिंह ने थर्ड जेंडर समुदाय के लिए शिक्षण, रोजगार और कौशल विकास के उपायों पर प्रकाश डाला।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में बाल संरक्षण इकाई, सिवान के सहायक निदेशक श्री राजकुमार ने कहा कि थर्ड जेंडर समुदाय का सदस्य होना एक प्रकृति प्रदत्त तथ्य है। मानव होने के नाते विकास का अधिकार उन्हें भी है। इसलिए वे अपने अधिकारों के बारे में सजग हों और प्रयास करें कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए वे सदैव सजग और सचेत रहें।

हम सभी थर्ड जेंडर समुदाय के लिए सहयोग और समर्थन हेतु जिलाधिकारी महोदय के निर्देश पर तत्पर हैं। साथ ही, उन्होंने प्रेरणा संवाद सत्र में सहभागिता के लिए सभी का आभार भी जताया। मौके पर कृष्णा फाउंडेशन के सक्रिय कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!