Headlines

बिहार में आग उगल रहा आसमान

बिहार में आग उगल रहा आसमान

तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

मौसम विभाग ने बिहार के 14 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में दिन के समय गर्म हवाएं चलने की संभावना है. अगले तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर या सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहने का अनुमान है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल राज्य को अगले 7 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है.

बक्सर में रिकॉर्ड टूटने से बाल-बाल बचा

गर्मी का सबसे तेज असर बक्सर जिले के डुमरांव में देखने को मिला, जहां बुधवार को पारा 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. यह अप्रैल महीने के अब तक के ऐतिहासिक रिकॉर्ड 44.5 डिग्री (30 अप्रैल 2016) से सिर्फ 0.1 डिग्री कम रहा. हैरानी की बात यह है कि इस बार इतनी भीषण गर्मी अप्रैल के शुरुआती चरण में ही देखने को मिल रही है.

पछुआ हवा और नमी की कमी से बढ़ा तापमान

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय बिहार में शुष्क पश्चिमी हवाओं का प्रभाव है. वातावरण में नमी की कमी और तेज धूप के कारण जमीन तेजी से गर्म हो रही है. पछुआ हवाओं की वजह से गर्मी और अधिक बढ़ गई है, जिससे दिन के तापमान में लगातार उछाल देखा जा रहा है.

बारिश की संभावना नहीं, राहत के आसार कम

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल बारिश या आंधी-तूफान की कोई संभावना नहीं है. ऐसे में तापमान में तत्काल गिरावट की उम्मीद भी नहीं है. विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और धूप से पूरी तरह सुरक्षा बरतने की सलाह दी है.

पटना में 41 से 43 डिग्री तक रहेगा पारा

पटना में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. अगले कुछ दिनों में यहां तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है.

अप्रैल 2026 बन सकता है सबसे गर्म महीना

पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों के अनुसार बिहार में अप्रैल महीने में कई बार तापमान 42 से 44 डिग्री तक पहुंचा है. लेकिन इस बार अप्रैल के तीसरे सप्ताह में ही बक्सर का तापमान 44.4 डिग्री तक पहुंचना असामान्य माना जा रहा है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यही स्थिति बनी रही तो अप्रैल 2026 पिछले पांच वर्षों का सबसे गर्म अप्रैल साबित हो सकता है.

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस बक्सर में दर्ज किया गया। राज्य का अधिकतम तापमान 36.2 से 44.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं आया है आईएमडी के अनुसार राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस नालंदा में दर्ज किया गया है। राज्य में औसत न्यूनतम तापमान 21.0 से 27.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। मोतीहार (पूर्वी चंपारण), बक्सर, शेखपुरा जिलों मे हीटवेव चली।

राज्य के 10 जिलों में चलेगी लू

भारत मौसम विज्ञान विभाग ( IMD ) ने बिहार के 10 जिलों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। आने वाले तीन दिन तक बिहार के उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य हिस्से के कई इलाकों में अतिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहेगा। तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक रहने की आशंका जताई गई है। मौसम का यह मिजाज अगले सात दिन तक ऐसा ही बने रहने की संभावना है।

 

Leave a Reply

error: Content is protected !!