श्रद्धांजलि सभा में छलके आँसू, भावुक स्मृतियों के बीच वरिष्ठ पत्रकार रमेश को दी गई श्रद्धांजलि
श्रीनारद मीडिया, सीवान (बिहार):

जब किसी व्यक्ति की श्रद्धांजलि सभा में शब्दों से अधिक आँखों से आँसू बहने लगें, तो उसके व्यक्तित्व की विराटता का सहज अनुमान लगाया जा सकता है। इसी भावपूर्ण वातावरण के बीच बुधवार की देर शाम महावीरपुरम स्थित महावीरी सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में कृष्णचंद्र गांधी मीडिया संस्थान द्वारा वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय रमेश कुमार श्रीवास्तव की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें जिले के पत्रकारों, शिक्षाविदों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमलेश नारायण सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अशोक प्रियंवद उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजय कुमार पाण्डेय ने किया।
सभा का प्रारंभ स्वर्गीय रमेश कुमार श्रीवास्तव के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
कृष्णचंद्र गांधी मीडिया संस्थान के समन्वयक नवीन सिंह परमार ने कहा कि स्वर्गीय रमेश कुमार श्रीवास्तव जैसे व्यक्तित्वों का स्मरण जीवन को सकारात्मक दिशा देता है। उन्होंने कहा कि समाज प्रायः फ्रंटलाइन पर कार्य करने वाले पत्रकारों को पहचानता है, लेकिन डेस्क पर रहकर समाचारों को संवारने वाले मीडिया कर्मियों का योगदान अक्सर अनदेखा रह जाता है। रमेश जी ऐसे ही समर्पित मीडिया कर्मी थे, जिन्होंने लगभग ढाई दशकों तक अपनी निष्ठा और कर्मठता से सिवान की पत्रकारिता को नई ऊँचाइयाँ प्रदान कीं।
श्रद्धांजलि सभा उस समय अत्यंत भावुक हो उठी, जब स्वर्गीय रमेश कुमार श्रीवास्तव के सहकर्मी रहे प्रो. अवधेश शर्मा ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन और आत्मीय संबंधों को याद करते हुए अपने भाव व्यक्त किए। स्मृतियों को साझा करते हुए उनकी आँखें नम हो गईं, जिससे पूरा वातावरण गमगीन हो उठा।
शिक्षाविद् एवं पत्रकार डॉ. गणेश दत्त पाठक ने कहा कि रमेश कुमार श्रीवास्तव का जीवन संघर्ष, कर्तव्यनिष्ठा और सादगी का प्रेरक उदाहरण है। वहीं मुख्य अतिथि डॉ. अशोक प्रियंवद ने कहा कि रमेश जी ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने जीवन मूल्यों और पत्रकारिता की मर्यादाओं से कभी समझौता नहीं किया। उनकी कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।
अध्यक्षीय उद्बोधन में कमलेश नारायण सिंह ने कहा कि जीवन क्षणभंगुर है, लेकिन व्यक्ति का व्यक्तित्व और कृतित्व सदैव अमर रहता है। स्वर्गीय रमेश कुमार श्रीवास्तव का जीवन इसी सत्य का जीवंत उदाहरण है।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद के अध्यक्ष रोहित सिंह, पत्रकार आकाश श्रीवास्तव, दीनबंधु सिंह, अंशुमान कुमार, सचिन पर्वत, राकेश गुप्ता, कृष्णचंद्र गांधी मीडिया संस्थान के सचिव इंदल सिंह, विद्या भारती के मीडिया प्रभारी अखिलेश श्रीवास्तव, भास्कर रंजन, संस्कार भारती के जादूगर विजय, पुष्कर कुमार सहित अनेक पत्रकारों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य नागरिकों ने स्वर्गीय रमेश कुमार श्रीवास्तव के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह भी पढ़ें
सिधवलिया की खबरें : नव पदस्थापित अंचलाधिकारी ने कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
सड़क पर जलजमाव से नाराज व्यवसायियों ने सड़क पर धान की रोपनी कर विरोध जताया
सेना के पूर्व जवान सड़क दुर्घटना में घायल, इलाज के दौरान मौत
गंडामण गांव में 23 मृत बच्चों की याद में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
रघुनाथपुर : बाबू मोदनरायण सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
त्रिवेणीगंज में स्मैक के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार:48 हजार नकद के साथ 7.42 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद
