सोमवार को सीवान आएंगी तीन महान महिला विभूतियाँ
महावीरी विद्यालय में होगा सप्तशक्ति संगम
श्रीनारद मीडिया, सीवान (बिहार):

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयहाता में सोमवार को सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य सम्मेलन मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित है, जिसमें महिला क्षेत्र की तीन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय विभूतियाँ एक साथ सिवान की धरती पर पदार्पण करेंगी। इस संबंध में जानकारी विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कुमार विजय रंजन ने दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में देश की प्रख्यात शिक्षाविद् एवं मनोवैज्ञानिक डॉ. मधुश्री संजीव साव, राष्ट्रपति सम्मान से अलंकृत प्रख्यात महिला किसान चाची राजकुमारी देवी, तथा सीबीएसई की रिसोर्स पर्सन एवं शिक्षाविद् डॉ. पूजा जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
ये तीनों सम्मानित महिला विभूतियाँ सारण प्रमंडल क्षेत्र से चयनित लगभग पाँच सौ महिला प्रतिनिधियों से संवाद करेंगी। सम्मेलन में स्वदेशी, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता जैसे पंच-परिवर्तन विषयों पर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श और प्रेरक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। मातृशक्ति की भागीदारी से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और पारिवारिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
प्राचार्य डॉ. कुमार विजय रंजन ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को विद्यालय के सभागार में दोपहर 12 बजे होगा। इस सम्मेलन के माध्यम से मातृशक्ति को समाज के नेतृत्व की दिशा में प्रेरित और सशक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन को लेकर विद्यालय परिसर में व्यापक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और उत्साह का माहौल व्याप्त है।
यह भी पढ़े
बेगूसराय में मुठभेड़ के बाद अपराधी गिरफ्तार
गोरा बेटा हुआ तो सनकी पति ने कर दी पत्नी हत्या
छोटी छोटी उपलब्धियों को करें एंजॉय, मिलेगी बड़ी सफलता: एसपी मनोज तिवारी
ये कोहरा नहीं, आपके फेफड़ों का इम्तिहान है
PM मोदी दक्षिण अफ्रीका में हो रही G20 बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे है
